आरपीएफ आउट पोस्ट बबीना व क्राइम विंग ने 3 शातिर दबोचे, चोरी की 15 पेंड्रोल क्लिप भी मिली
झांसी। शातिर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था की आंखों में धूल झोंक कर उमरे के झांसी मंडल के बसई रेलवे यार्ड में खड़े डीजल इंजन से लगभग 400 लिटर डीजल चुरा लिया। इस मामले में आरपीएफ आउट पोस्ट बबीना और क्राइम विंग (डीएंडआई) झांसी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को दबोच कर उनके कब्जे से चोरी का 350 लीटर डीजल के अलावा 15 नग पेंड्रोल क्लिप बरामद कर ली हैं। गिरोह का एक सदस्य फरार है।बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत 32,100 रुपये बताई गई है।
दरअसल, 1 अगस्त को बसई स्टेशन यार्ड में खड़े डीजल इंजन (संख्या 70684 झांसी) के फ्यूल टैंक से शातिर चोर करीब 400 लीटर डीजल चोरी कर ले गए। इसके अलावा जेई पीवे/बसई की ओर से बसई यार्ड से 20 नग पेंड्रोल क्लिप चोरी होने की भी जानकारी दी गई। इस सूचना पर आरपीएफ आउट पोस्ट बबीना और क्राइम विंग झांसी की टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए चोरी की रेल संपत्ति और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उक्त टीम ने बसई स्टेशन यार्ड से मकरारी गांव जाने वाली सड़क पर रेलवे लाइन के समीप स्थित झाड़ियों के पास घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने रात करीब 23:45 बजे तीन शातिरों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से सात अलग-अलग प्लास्टिक के डिब्बों में करीब 350 लीटर डीजल बरामद हुआ जो यार्ड में खड़े इंजन से चुराया गया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 31,500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा मौके से एक प्लास्टिक की बोरी से चोरी की 15 नग पेंड्रोल क्लिप, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 600 रुपये बताई गई है, बरामद की गईं। इस प्रकार बरामद चोरी की रेल संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 32,100 रुपये आंकी गई है।
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने 1 अगस्त 2026 की रात बसई यार्ड में खड़े डीजल इंजन से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की। मामले में आरपीएफ आउट पोस्ट बबीना पर धारा 3 आरपी (यूपी) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रशांत राजपूत पुत्र भागीरथ राजपूत निवासी ग्राम कमालपुर, थाना पिछोर, जिला शिवपुरी (मध्य प्रदेश), मुरारी लाल पुत्र सूरज सिंह राजपूत निवासी ग्राम मानिकपुर, थाना बसई, जिला दतिया (मध्य प्रदेश) व सुरेंद्र सिंह राजपूत उर्फ छोटू पुत्र कोमल सिंह राजपूत निवासी ग्राम मानिकपुर, थाना बसई, जिला दतिया (मध्य प्रदेश) तथा फरार आरोपी का नाम पुष्पेंद्र परिहार पुत्र आनंद परिहार निवासी ग्राम मानिकपुर, थाना बसई, जिला दतिया (मध्य प्रदेश) बताया गया है। आरपीएफ टीम द्वारा उसकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में आरपीएफ आउट पोस्ट बबीना से उप निरीक्षक आशा राजपूत, सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव, आरक्षक अब्दुल आरिफ एवं आरक्षक अवनीश कुमार। क्राइम विंग (डीएंडआई), झांसी से प्रधान आरक्षक उमेश कुमार एवं आरक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट शामिल रहे।
आरपीएफ आउट पोस्ट बबीना और क्राइम विंग झांसी की इस कार्रवाई से रेलवे संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह में हड़कंप मचा है। टीम द्वारा मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी की तलाश के साथ ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।














