30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सतर्कता जन जागरुकता अभियान

झांसी। केन्द्रीय सतर्कता आयोग एवं उप्र सतर्कता अधिष्ठान के द्वारा 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सतर्कता जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत विषयक एवं उप्र शासन की भ्रष्टाचार के संबंध में जीरो टालरेंस नीति का प्रसार प्रचार करने हेतु उप्र मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में 30 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी आडिटोरियम में जन संवाद (भ्रष्टाचार का विरोध करें, राष्ट्र के प्रति समर्पित रहें) कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो 0 मुकेश पाण्डेय कुलपति बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय झाँसी विशिष्ट अतिथि राजेश एस वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डा ० नरेन्द्र सिंह सेंगर प्रधानाचार्य महारानी लक्ष्मीबाई मेडीकल कॉलेज झाँसी रहेंगे।

यह जानकारी देते हुए आलोक कुमार शर्मा एसपी सतर्कता अधिष्ठान झांसी सेक्टर ने बताया कि भ्रष्टाचार के उन्मूलन में आम जनता की भागीदारी आवश्यक है। इसके लिए जन संवाद में व्यापार मंडल, नर्सिंग होम, फार्मेसी, ट्रक, टैम्पो यूनियन, ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान आदि विविध वर्गों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें भ्रष्टाचार के खिलाफ अधिष्ठान की कार्यशैली व कार्यवाही से अवगत कराया जाएगा और जनता की मदद कैसे की जाती है के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।