#Jhansi सांप ने सो रहे भाई-बहन को डसा, भाई की मौत

0
119

जिंदगी के लिए संघर्षरत है बहन 

झांसी। रविवार सुबह जिले के थाना बड़ागांव क्षेत्र के कस्बा के हरदौलपुर मोहल्ला में उस समय कोहराम मच गया जब कमरे में सो रहे मासूम भाई-बहन को सांप ने डस लिया। सांप के ज़हर से 7 वर्षीय भाई की मौत हो गई जबकि 5 वर्षीय बहन जिंदगी के लिए मौत से संघर्षरत है, उपचार जारी है।

बड़ागांव कस्बा के मोहल्ला हरदौलपुर निवासी प्रदीप कुशवाहा रविवार सुबह सात वर्षीय बेटे मयंक और पांच वर्षीय बेटी प्रगति को कमरे में सोते छोड़ कर काम पर निकल गया। उसके जाने के कुछ देर बाद घर में सो रहे बेटे मयंक और बेटी प्रगति की चीख-पुकार सुनकर मां नेहा दौड़ कर कमरे में पहुंचीं। वहां दोनों बच्चों को सांप ने डस लिया था। हालत बिगड़ती देख परिजन तत्काल दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रगति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार, सांप ने मयंक को चार-पांच स्थानों पर डसा था। दोनों बच्चे शनिवार रात खेलते-खेलते घर में ही सो गए थे और रविवार सुबह यह दर्दनाक हादसा हो गया। मासूम बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here