झांसी। कटेरा के तीन-चार गांवों में पुलिस की छापेमारी में दर्जनों ग्रामीणों की गिरफ्तारी प्रकरण प्रकरण में पूर्व सांसद डॉ चन्द्रपाल सिंह यादव ने पुलिस लाइन पहुंच कर जानकारी ली और चेतावनी दी कि निर्दोषों के खिलाफ कार्रवाई हुई तो वह चुप नहीं बैठेंगे, हस्तक्षेप करेंगे।
दरअसल, दर्जनों ग्रामीणों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव पुलिस लाइन पहुंचे और वहां पुलिस अधिकारियों से बात कर मामले की जानकारी की। उन्होंने कहा कि कटेरा थाने के अंतर्गत 4-5 गांवों से रात करीब 3 बजे भारी संख्या में लोगों को पुलिस उठाकर ले गई, लेकिन किसी को कुछ नहीं बताया कि उन्हें क्यों ले जाया जा रहा है। शुरुआत में सूचना मिली थी कि 150-200 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन यहां आकर पता चला कि करीब 60 लोग पूछताछ के लिए बैठे हैं। हम किसी अपराधी की मदद नहीं करना चाहते। जो दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। अगर निर्दोष लोगों को बिना जांच के पकड़कर लाया गया है, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि इस सम्बंध में उन्होंने आईजी जोन और एसएसपी झांसी से बात की है। अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि जिनके खिलाफ अपराध सिद्ध नहीं होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। डॉ चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्यवाही के खिलाफ नहीं है, लेकिन जिस तरह से महिलाओं व बच्चों को लाया गया है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। गांव के लोगों को परेशान करना ठीक नहीं है। पहले जांच होनी चाहिए, फिर दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। अभी पुलिस पूछताछ कर रही है, किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अगर निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई, तो हम हस्तक्षेप करेंगे जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे लेकिन निर्दोष व्यक्तियों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। इस दौरान चंद्र प्रकाश मिश्रा, सोहन खटीक, प्रतिपाल यादव, लाली माते, सी पी एडवोकेट, अनिरुद्ध नायक आदि मौजूद रहे।














