स्वतंत्रता दिवस पर आरपीएफ परिसर में योग स्थल के समीप वृहद वृक्षारोपण

0
15

झांसी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत झांसी मंडल में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। आरपीएफ कार्यालय स्थित योगस्थल के समीप डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण किया गया। इसका उद्देश्य रेलवे परिसरों को अधिक हरा-भरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के कुल 251 पौधे रोपित किए गए। इनमें आम, अमरूद, सहजन सहित अन्य उपयोगी एवं पर्यावरण अनुकूल प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण के साथ ही इन पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित रखने में ही महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर एवं स्वस्थ भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। रेलवे परिसरों में अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरित क्षेत्र को बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का आह्वान किया। इन पौधों के लगने से योग स्थल में योगाभ्यास करने के लिए आने वाले रियल कर्मियों तथा उनके परिजनों को एक शुद्ध वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित परिवेश के महत्व को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल राष्ट्रप्रेम की भावना को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ‘स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित भारत’ के संकल्प को मजबूत करती है।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जे के शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश शर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर रश्मि गौतम को समेत सभी ब्रांच अधिकारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर परिचालन श्री धर्मेश कुमार, अन्य अधिकारी एवं मंडल रेल प्रबंधक के निजी सहायक आशीष अग्रवाल मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here