स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रेल सुरक्षा बल बैंड टीम ने दी मनमोहक संगीतमय प्रस्तुति
झांसी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में झांसी मंडल द्वारा यात्रियों एवं आमजन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन पर आज रेल सुरक्षा बल की बैंड टीम द्वारा शानदार संगीतमय प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, आयुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नन्दीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) पी पी शर्मा सहित अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जैसे ही बैंड टीम ने देशभक्ति की धुनें छेड़ीं, स्टेशन परिसर का वातावरण राष्ट्रप्रेम और उत्साह से भर उठा।
देशभक्ति की धुनों में सरोवर इस शाम में जिलाधिकारी झाँसी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सबंवड, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जीतेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी की उपस्थिति रही I
बैंड टीम ने ‘जय गणेश देवा’, ‘वंदे मातरम्’, “हर कदम अपना करेंगे, ए वतन तेरे लिए, ‘संदेशे आते हैं’, सहित अनेक लोकप्रिय देशभक्ति गीतों की मनमोहक धुनें प्रस्तुत कीं। इन प्रस्तुतियों ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आमजन को भावविभोर कर दिया। यात्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और देशभक्ति के इस आयोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, रेल सुरक्षा बल के अधिकारी एवं कर्मचारी, रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, यात्री तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी बल मिला। मंडल रेल प्रबंधक ने बैंड के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु रु.25 हजार का पुरस्कार घोषित किया तथा प्रमाण पत्र देकर सभी को सम्मानित किया I
रेल सुरक्षा बल की बैंड टीम में लक्ष्मीकांत कुशवाहा (बैंड इंचार्ज-ट्रम्पेट), धान सिंह (ट्रम्पेट), मणिकांत मिश्रा, राजेश कुमार पटवारी (क्लारिनेट), गुंजन कुमार भारती (यूफोनियम), मुजफ्फर खान, निखिल कुमार (ट्रॉम्बोन), धर्मेन्द्र कुमार यादव (सिम्बल), वीरेन्द्र कुमार यादव (बेस ड्रम), रज्जाक खान (सैक्सोफोन) तथा अंकित पांडेय (साइड ड्रम) शामिल रहे।
इस संगीतमय कार्यक्रम ने रेल यात्रियों में देश के प्रति गौरव, राष्ट्रभक्ति एवं एकता की भावना को प्रबल करने के साथ-साथ रेलवे और आमजन के बीच जुड़ाव को भी मजबूत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ I














