2 करोड़ से होगा झांसी रेल मंडल में तरण ताल का निर्माण

0
91

मंडल रेल प्रबंधक  ने DSA ग्राउंड में किया शिलान्यास

झांसी। रेल मंडल में खेल सुविधाओं के विस्तार व आधुनिक खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंडल खेलकूद संघ, उत्तर मध्य रेलवे, झांसी द्वारा DSA ग्राउंड में नवीन तरण ताल के निर्माण कार्य का शिलान्यास मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष, मंडल खेलकूद संघ, झांसी अनिरुद्ध कुमार ने किया।

नवीन तरण ताल का निर्माण खेल निधि के लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह परियोजना मंडल खेलकूद संघ द्वारा झांसी मंडल में खेल सुविधाओं के विकास एवं विस्तार के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। नवीन तरण ताल के निर्माण से झांसी रेल मंडल के खिलाड़ियों, रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को तैराकी के लिए आधुनिक एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त मंच मिलेगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल को और बेहतर ढंग से विकसित कर सकेंगे।

इस सुविधा से तैराकी को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ झांसीवासियों को भी लाभ मिलेगा। यह तरण ताल क्षेत्र के युवाओं एवं उभरती खेल प्रतिभाओं को तैराकी के क्षेत्र में प्रशिक्षण एवं अपनी क्षमता विकसित करने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करने में सहायक होगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि खेल व शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। बेहतर खेल अधोसंरचना खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक वातावरण प्रदान करती है। नवीन तरण ताल का निर्माण झांसी मंडल में खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के साथ-साथ झांसीवासियों को भी लाभ मिलेगा तथा तैराकी के क्षेत्र में नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।

अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल ने बताया कि नवीन तरण ताल का निर्माण मंडल में खेल सुविधाओं को निरंतर बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंडल खेलकूद संघ द्वारा रेलकर्मियों एवं खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जिसके फलस्वरूप इस परियोजना को स्वीकृति प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि नवीन तरण ताल के निर्माण से मंडल में तैराकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा रेलकर्मियों, उनके परिवारों एवं खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, इससे झांसी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। भविष्य में इस तरण ताल का संचालन मंडल खेलकूद संघ द्वारा ही किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रेम प्रकाश शर्मा अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा), राजेश कुमार शर्मा वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी, नीरज भटनागर वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक(फ्रेट), गिरीश कंचन वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, सतबीर सिंह वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी), रविकांत नवीन मंडल इंजीनियर (मुख्यालय) /सहायक मण्डल खेल कूद अधिकारी, प्रद्युम्न देवलिया, मण्डल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी)/सहायक खेल कूद अधिकारी, प्रतीक मुजुमदार मण्डल खेल कूद सचिव सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here