झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व दिशानिर्देश में पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित खेल सप्ताह के अंतर्गत आज सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट, झांसी में फाइव-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच सहित विभिन्न खेल मुकाबलों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। रेलवे इंस्टीट्यूट के सचिव द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खिलाड़ी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं खेल भावना के साथ खेलें तथा अपने कौशल का निरंतर विकास करते हुए देश एवं रेलवे का नाम रोशन करें।
आज खेले गए हॉकी के छह मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में ध्यानचंद स्टेडियम ने एल.वी.एम. अकादमी को 6-3 से, सनातन धर्म स्कूल ने रानी लक्ष्मीबाई अकादमी को 6-1 से हराया, जबकि लक्ष्मी व्यायाम मंदिर एवं शिवाजी पवार अकादमी के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। अंडर-18 वर्ग में ध्यानचंद स्टेडियम-ए ने एल.वी.एम. अकादमी को 6-0 से तथा ध्यानचंद स्टेडियम-बी ने एल.वी.एम. अकादमी-ए को 4-2 से पराजित किया। बालिका वर्ग में एल.वी.एम. अकादमी ने खेलो इंडिया सेंटर को 4-3 से हराया।
इसी क्रम में बैडमिंटन डबल्स अंडर-45 वर्ग के मुकाबलों में शिव बालक एवं रामकिशोर की जोड़ी ने दीपक अहिरवार एवं अमजद अहमद खान की जोड़ी को हराया। दूसरे मुकाबले में दीपक अहिरवार एवं अमजद अहमद खान की जोड़ी ने मुजीब खान एवं इरशाद अहमद की जोड़ी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इम्तियाज रहमान एवं मधुसूदन सिन्हा की जोड़ी ने राजीव मिश्रा एवं शैलेन्द्र गौर की जोड़ी को हराकर फाइनल में स्थान बनाया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में शैलेन्द्र गौर एवं राजीव मिश्रा की जोड़ी ने मुजीब खान एवं इरशाद अहमद की जोड़ी को पराजित किया। फाइनल मुकाबले में इम्तियाज रहमान एवं मधुसूदन सिन्हा की जोड़ी ने दीपक अहिरवार एवं अमजद अहमद खान की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया।
हॉकी एवं बैडमिंटन मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका सतीश चन्द्र लाला, सुरेश भगौरिया, मुन्ना लाल कुशवाहा, लखन लाल, ऋषि, हर्षित, सुशील एवं इम्तियाज रहमान ने निभाई।
इस अवसर पर सुबोध खांडेकर, सलीमुद्दीन, एस.के. गुंठे, विक्रांत दुबे, वहीद खान, नीरज वर्मा, संजय भारती, मयंक वर्मा, अमित यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष शोभाराम राय ने तथा आभार इंस्टीट्यूट सचिव मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।














