झांसी। जीआरपी टीम की त्वरित कार्रवाई से दिल्ली से अपहृत किशोरी रानी (काल्पनिक नाम) को झांसी स्टेशन के भोपाल इण्ड की तरफ प्लेटफार्म नं0 4/5 से सकुशल बरामद किया गया। दिल्ली क्राईम विंग की टीम विधिक कार्यवाही हेतु झांसी आ रही है।
यात्रियों व यात्रियों के सामान की सुरक्षा के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया एवं ट्रेनों में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी की घटनाओं के रोकथाम व बरामदगी की तहत चलाये जा रहे अभियान तथा एण्टीरोमियो/मिशन शक्ति फेज 5 व आपरेशन मुस्कान अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव थाना जीआरपी झांसी के नेतृत्व में जीआरपी टीम को दिल्ली पुलिस क्राईम विंग इंस्पेक्टर से जरिए दूरभाष थाना PUL PRAHALAD PUR South East Delhi पर पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0 217/26 धारा 137(2) बीएनएसएस से सम्बन्धित अपहृत रानी (काल्पनिक नाम) निवासी पंचमुखी मोहल्ला लालकुँआ पुल प्रहलादपुर जिला साऊथ ईस्ट दिल्ली के झांसी की तरफ जाने की या रेलवे स्टेशन पर उपस्थित होने की सूचना प्राप्त हुई ।
इस सूचना को तत्काल संज्ञान लेते हुये टीम बना कर उक्त किशोरी की अथक प्रयास से खोज की गयी जिसको 31 अगस्त को 01.50 बजे भोपाल इण्ड की तरफ प्लेटफार्म नं0 4/5 से सकुशल बरामद किया गया। तत्पश्चात प्रभारी निरीक्षक जीआरपी झांसी द्वारा दिल्ली पुलिस क्राईम विंग को जरिए दूरभाष अवगत कराया गया। इस पर दिल्ली क्राईम विंग की टीम विधिक कार्यवाही हेतु झांसी आ रही है, जिन्हें बरामद लडकी को सकुशल सुपुर्द कर दिया जायेगा।
बरामदगी करने वाली थाना टीम में विवेक कुमार श्रीवास्तव प्रभारी निरीक्षक, हे0का0 अमित तिवारी, आशुतोष तिवारी, का० पुष्पेन्द्र पाल, भाष्कर शुक्ला, मोहित मिश्रा, म0का0 निशा व ममता दिवाकर जीआरपी थाना झाँसी शामिल रहे।














