‘घनाराम मॉल – मल्टीप्लेक्स ‘ में “मैकडॉनल्ड्स” का हुआ भव्य शुभारंभ

0
163

शीघ्र शुरू होगा ‘घनाराम मॉल – मल्टीप्लेक्स ‘ : विजय कुमार सरावगी 

झांसी। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक धरती झांसी को अब अपना पहला आधुनिक मॉल एवं मल्टीप्लेक्स मिल गया है। घनाराम ग्रुप एवं वी एस एस हाउसिंग ग्रुप की संयुक्त कंपनी घनाराम मल्टीप्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में निर्मित भव्य ‘घनाराम मॉल’ में अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध फूड ब्रांड मैकडॉनल्ड्स (McDonald’s) का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह ड्रीम प्रोजेक्ट आर.एल.डी.ए. (RLDA) से लीज पर ली गई भूमि पर तैयार किया गया है, जिसने झांसी के शहरी विकास को एक नया आयाम दिया है।

मैकडॉनल्ड्स का शुभारंभ घनाराम ग्रुप के संस्थापक घनाराम सिंह तथा घनाराम मल्टीप्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर विजय कुमार सरावगी के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर मॉल के अन्य प्रमुख निदेशकों व विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें घनाराम ग्रुप के डायरेक्टर श्याम सुंदर सिंह, परविंदर सिंह, रविन्द्र सिंह तथा वी एस एस हाउसिंग ग्रुप की डायरेक्टर सुषमा सरावगी, शुभम सरावगी एवं शौर्य सरावगी शामिल रहे।

घनाराम मल्टीप्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर विजय कुमार सरावगी ने बताया कि घनाराम मॉल को झांसी के नागरिकों के लिए एक विश्वस्तरीय शॉपिंग और एंटरटेनमेंट हब के रूप में विकसित किया गया है। देश-विदेश के कई दिग्गज नेशनल एवं इंटरनेशनल ब्रांड्स ने मॉल के साथ MOU साइन कर लिया है और कई प्रमुख शो-रूम्स में इंटीरियर का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही कई अन्य बड़े ब्रांड्स भी आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दुनिया के मशहूर फास्ट फूड ब्रांड मैकडॉनल्ड्स ने झांसी में अपनी दस्तक दे दी है। युवाओं के बीच खास पहचान रखने वाले इस ब्रांड के शुरू होने से अब झांसीवासियों को इसके लोकप्रिय फास्ट फूड का स्वाद शहर में ही मिल सकेगा।

उद्घाटन समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए निदेशक घनाराम ग्रुप श्याम सुंदर सिंह एवं निदेशक श्री परविंदर सिंह ने मॉल की प्रमुख विशेषताओं व बुंदेलखंड के लिए इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इससे बुंदेलखंड में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

निदेशकों ने कहा कि अब तक झांसी के लोगों को विश्वस्तरीय शॉपिंग, सिनेमा और इंटरनेशनल डाइनिंग एक्सपीरियंस के लिए बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता था। लेकिन घनाराम मल्टीप्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर विशन सिंह एवं डायरेक्टर विजय कुमार सरावगी के इस साझा प्रयास से अब झांसीवासियों को अपने ही शहर में वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं मिलेंगी। घनाराम मॉल न केवल शहर का प्रमुख लैंडमार्क बनेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा देगा। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन के बाद आउटलेट को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया। शहर के युवाओं और फास्ट फूड प्रेमियों के बीच मैकडॉनल्ड्स की शुरुआत चर्चा का विषय बनी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here