दो दिन पूर्व कुआं में मिला था वृद्ध का शव, घर में मिले खून से सने कपड़ों से हुआ पर्दाफाश
झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम छिनौरा में दो दिन पूर्व कुआं में मिले वृद्ध रामदीन के शव को परिजनों ने हादसा मानते हुए अंतिम संस्कार कर दिया था, किंतु पाप छिपा नहीं अलमारी से बाहर निकाला तो सनसनी फ़ैल गई और घर में ही मौजूद कातिल पकड़ा गया।
कहावत है कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो लेकिन वह कहीं न कहीं ऐसा सबूत छोड़ देता है जो उसको कानून के शिकंजे में कस देता है। यह कहावत रामदीन की मौत ने साबित कर दी। कुएं में मिले रामदीन के शव को परिजनों ने हादसा समझा और शव का अंतिम संस्कार कर घर में शोक मना रहे थे। दो दिन बाद जब घर में रखे अलमारी से कपड़े हटाए गए तो खून से सने रामदीन के कपड़े मिलने पर परिजनों का शक गहरा गया और उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए रामदीन की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या बताते हुए कार्यवाही की मांग की।
इस पर पुलिस ने इस प्रकरण में जांच पड़ताल शुरू की तो बड़े चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दरसल रामदीन की नाबालिग नातिन उसके ही पास रहती थी। नातिन का पड़ोस में रहने वाले विशाल से प्रेम चल रहा था। जब पुलिस ने इस एंगिल पर जांच शुरू की तो पुलिस को मृतक की नातिन और विशाल के पास से उनके खून से सने कपड़े मिले। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना स्थल से फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्रित किए और नातिन तथा उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में नातिन और उसके प्रेमी विशाल ने घटना का खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि 12 सितंबर को वह दोनों मुलाकात करने खेत पर गए थे तभी रामदीन कुशवाह ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। पकड़े जाने और समाज में बदनामी के डर से विशाल ने रामदीन का गला दबा दिया और नातिन ने उसके सर पर पत्थर से हमला कर दिया। जिससे रामदीन की मौत हो गई और हत्या का हादसा बताने के लिए नातिन और विशाल ने रामदीन के शव को कुआं में फेंक दिया था। पुलिस ने नातिन और विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।














