झांसी। कुंजबिहारी मंदिर में राधाष्टमी महामहोत्सव 19 सितंबर को धूमधाम से मनाया जायेगा। श्री कुंजबिहारी सरकार के महंत व बुंदेलखंड धर्माचार्य राधामोहन दास महाराज ने बताया कि प्रातः 6 बजे मंगला श्रृंगार आरती दर्शन से महामहोत्सव की शुरुआत होगी तदुपरांत चंदन प्रसाद, समाज गायन एवं विशेष अरबी प्रसाद का वितरण होगा। दोपहर 12 बजे राजभोग उपरांत 2 बजे तक साधु ,संत एवं ब्राह्मणों की भगवत प्रसादी होगी। सायंकालीन बेला में 6 बजे संध्या श्रृंगार आरती के बाद बधाई उत्सव होगा जिसमें बुंदेलखंड के ख्यातिलब्ध कलाकारों द्वारा बधाई गीत एवं समाज गायन किया जायेगा।
इस अवसर पर श्रीधाम वृंदावन से आये सखी बाबा का मोहक नृत्य एवं युवा भक्त मंडल द्वारा मनमोहक चाचर नृत्य का आयोजन भी होगा। इस महामहोत्सव के लिए समूचे मंदिर परिसर में भव्य सजावट की गयी है तथा पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन बधाई गायन किया जा रहा है।














