मुख्य आरोपी सहित 5 गिरफ्तार, एक की तलाश
झांसी। सोमवार को जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में बीए की 19 वर्षीय छात्रा के साथ छह युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी से डरी छात्रा ने मंगलवार तड़के जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुशील समेत पांच आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि एक की तलाश की जा रही है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी विकास कुमार और एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। गुरसराय थाने में पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर गांव के ही सुशील समेत छह युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, छात्रा सोमवार दोपहर करीब एक बजे घर से बाहर निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान उसी के गांव का सुशील उसे अपने साथ ले गया। बाद में अन्य साथियों के साथ मिलकर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो और फोटो भी बना लिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दे रहे थे। इससे भयभीत होकर छात्रा ने मंगलवार तड़के जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी सुशील पहले भी छात्रा से छेड़खानी करता था। हालांकि, इस संबंध में पहले पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई थी।
एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत पांच युवकों को हिरासत में लिया जबकि एक आरोपी की तलाश की जा रही है। शव का चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन किया गया है। प्रकरण की विवेचना एवं जाँच प्रचलित है। प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।














