चैकिंग में 10 बिना टिकट व 16 पेटी अवैध पानी की बोतल पकड़ी
झांसी। विगत पिछले कई दिनों से 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस के पैंट्री कार में पैंट्री कार स्टाफ द्वारा अनधिकृत रूप से गोरखपुर से मुंबई की ओर यात्रियों से पैसा लेकर यात्रा कराए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थी। आज मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीणा, सीटीआई स्टेशन अशोक त्रिपाठी, सीटीआई वीरेंद्र अहिरवार, सीसीआई सोहन राय, कैटरिंग इंस्पेक्टर आनंद एवं अन्य टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस के पैंट्री कार में झांसी से ललितपुर स्टेशन के मध्य औचक चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान कुशीनगर एक्सप्रेस की पैंट्री कार में 10 बिना टिकट यात्री पाए गए जिनमें से कई यात्रियों द्वारा पैंट्री कार मैनेजर विजय सिंह राजावत एवं अनिकेत राजावत द्वारा यात्रा कराने के एवज में पैसे लेने की बात बताई गई एवं पैंट्री कार मैनेजर ने भी यात्रियों से पैसे लेना स्वीकार किया। सभी यात्रियों को नियमानुसार चार्ज कर पैंट्री कार से हटाया गया। जांच के दौरान पैंटी कर में कई अन्य अनियमितताएं भी पाई गई जिसमें 16 पेटी अनाधिकृत पानी की बोतले जब्त कर ललितपुर स्टेशन पर जमा करवाई गई। पैंट्री कर स्टाफ की कोई भी अधिकृत सूची भी नहीं पाई गई।
इसके अलावा अन्य सभी शिकायतों की रिपोर्ट बनाकर झांसी मंडल द्वारा संबंधित विभाग को भेजी जा रही है। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री की यात्रियों की सुविधाओं के हितों के लिए नियमित रूप से इस प्रकार की जांच करवाई जाती रहेगी।














