प्रेमिका का रिश्ता तय होने व बेरुखी से था नाराज
झांसी। प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने के बाद बातचीत बंद कर बेरुखी दिखाने से प्रेमी इतना आक्रोशित हो गया कि उसने दिनदहाड़े घर में घुसकर प्रेमिका की कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी और रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने भी 6 घंटे की तलाश में हत्यारोपी प्रेमी को मुठभेड़ में लंगड़ा कर गिरफ्तार कर लिया।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लहरगिर्द खोड़न की मूल निवासी चंचल रायकवार (19) पुत्री सोनू रायकवार के माँ शीला आइटीआइ के पास सिद्धेश्वर नगर में रहती है। चंचल का खोड़न में घर के सामने रहने वाले कमल रायकवार से प्रेम-प्रसंग था। इस की जानकारी होने पर पिता ने चंचल को खोड़न से हटाकर दादी शीला के पास सिद्धेश्वर नगर में रहने भेज दिया था।
इसके बाद परिवार ने चंचल की शादी दूसरी जगह तय कर दी। इससे कमल और चंचल के बीच बातचीत बन्द हो गई। लगभग एक माह से दोनों के बीच दूरियाँ बढ़ गई थीं। शादी तय होने व बेरुखी से नाराज कमल लगातार चंचल से मिलने का प्रयास कर रहा था। पुलिस के अनुसार बुधवार को चंचल घर में अकेली थी, दादी किसी काम से बाहर गयी थी तभी मौका देख कर कमल पीछे की ओर से दीवार फांद कर घर में घुसा और चंचल की कनपटी में गोली मारकर रफूचक्कर हो गया।
अपराह्न लगभग 3 बजे वह वापस लौटीं तो दरवाजा अन्दर से बन्द था। आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। आसपास के लोगों की मदद से अन्दर देखा गया तो आँगन में चंचल रक्तरंजित हालत में पड़ी थी। उसके सिर में गोली लगी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीपरी बाजार थाना पुलिस के साथ फॉरेन्सिक टीम मौके पर पहुँची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। एसएसपी विकास कुमार, एसपी सिटि प्रीति सिंह, स्वॉट टीम समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
हत्या के बाद तलाश, मुठभेड में हत्थे चढ़ा
हत्या के बाद कमल की तलाश में एसएसपी ने चार टीमें सक्रिय कर दीं। सम्भावित ठिकानों पर दबिश के साथ ही सर्वेलन्स और मुखबिर तन्त्र को लगाया गया। पुलिस की घेराबन्दी के दौरान आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।














