झांसी। मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी को पत्र लिख कर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने खेतों में पराली जलाने पर किसानों पर प्रथम दृष्टया सीधे मुकदमा दर्ज नहीं करने की मांग की है। उन्होंने संगोष्ठियों के माध्यम से किसानों को पहले पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करने की अपेक्षा की। विधायक का कहना है कि मोंठ क्षेत्र में अधिकांश किसानों द्वारा धान की खेती की जाती है। किसान जल्दबाजी के चक्कर में अक्सर हार्वेस्टर से धान की कटाई करा लेते हैं ताकि रबी की फसल की बुवाई समय पर कर सकें। इससे अधिकांश किसान अपने-अपने खेतों में पराली जलाकर फसल के लिए तैयारी करते हैं। अधिकांश किसानों को जानकारी ही नहीं है कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण अधिक होता है। उन्होंने किसानों को जागरूक करने के लिए प्रशासन से ब्लॉक, तहसील व गांव स्तर पर गोष्ठियां आयोजित करने का सुझाव देते हुए किसानों पर प्रथम दृष्टया सीधे मुकदमा नहीं दर्ज करने व पहले नोटिस दिए जाने की अपेक्षा की है।