- झांसी जीआरपी ने व्हाटसएप पर मिली फोटो के सहारे तलाशा
झांसी। घरों से भागे लड़का व लड़की को जीआरपी झांसी पुलिस की तत्परता व सतर्कता से झांसी स्टेशन पर तुलसी एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान पकड़ लिया गया। दोनों को प्रतापगढ़ पुलिस की सुपुर्दगी मेें दे दिया गया।
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना बाघराय जनपद प्रतापगढ़ ने मोबाइल फोन पर बताया कि क्षेत्र से दो लड़के व तीन लड़कयां अपने-अपने घरों से भागे हुए हैं। इस मामले में थाना बाघराय में अभियोजन पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि भागे लड़का व लड़कियों के तुलसी एक्सप्रेस से झांसी पहुंचने की सूचना है। उन्होंने इस सूचना के साथ लड़का व लड़कियों की फोटो पहचान हेतु व्हाटस एप के माध्यम से उन्हें भेज दी है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने तत्परता का परिचय देते हुए मय हमराही कर्मचारियों के साथ रेलवे स्टेशन पहुंच कर प्लेटफार्म पर आयी २२१३० तुलसी एक्सप्रेस में गहन चेकिंग की की गयी। चेकिंग के दौरान कोच नम्बर एस-११ में गैलरी में बैठे लड़का-लड़की का फोटो जब व्हाटस एप पर आए फोटो से मिलान किया गया तो दोनों में समानता मिली। इस पर उन्हें कोच से उतार कर जब पूछताछ की तो वह घबरा गए। उन्होंने बताया कि हम लोग घरों से भाग कर आए हैं। लड़के ने अपना नाम आलोक सरोज निवासी ग्राम छेवगाप थाना बाघराय जिला प्रतापगढ व लड़की ने अपना नाम संस्कृति उर्फ पारुल मिश्रा निवासी लोसनापुर थाना बाघराय जिला प्रतापगढ बताया। उन्होंने बताया कि उनके साथ भागे एक लड़का व दो लड़की लालगंज प्रतापगढ में ही उतर गए हैं, हम लोग झांसी चले आए। इसके बाद दोनों को थाने लाकर इसकी जानकारी प्रभारी निरीक्षक बाघराय को दी गयी।
इसके बाद थाना बाघराय से उप निरीक्षक प्रकाश नारायण यादव मय हमराह आरक्षी राकेश कुमार भारती, व पिता मनोज कुमार मिश्रा के साथ झांसी जीआरपी थाने में उपस्थित हुए। इसके बाद जीआरपी थाने से बरामद लड़का व लड़की को उप निरीक्षक व आरक्षी को आवश्यक कार्यवाही हेतु सुपुर्द किया गया। इस मामले में प्रतापगढ पुलिस ने जीआरपी झांसी की तत्परता, गम्भीरता व सतर्कता की सराहना की।