गुरसराय में देशी शराब ठेके पर महिलाओं का हल्ला बोल

0
9
Oplus_16908288

बोतलें सड़क पर फेंक क्षतिग्रस्त की, ठेका नहीं हटा तो बड़ा आंदोलन होगा 

झांसी। जिले के गुरसराय में रिहायशी इलाके में देशी शराब के ठेके के खिलाफ आक्रोशित बड़ा खेरा परकोटा की महिलाओं ने ठेके में घुस कर शराब की बोतलें सड़क पर फेंक कर नष्ट कर दीं और चेतावनी दी कि यदि ठेका नहीं हटा तो आंदोलन उग्र होगा।

गुरसराय में बड़ाखेरा परकोटा की महिलाओं का आक्रोश उस समय भड़क गया जब शराब के पीने से एक युवक की मौत हो गई। शराब के ठेके के खिलाफ बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर सड़क पर उतर आईं। आक्रोशित महिलाओं ने शराब की दुकान में घुसकर वहां रखी शराब की बोतलें और अन्य सामान को निकालकर सड़क पर फेंक दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उन्हें नष्ट कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि रिहायशी इलाके में शराब का ठेका होने से मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। शराब की वजह से कई परिवार परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से ठेके को मोहल्ले से हटाने या बंद कराने की मांग की है।

विरोध कर रही महिलाओं का कहना है कि रिहायशी इलाके में शराब की दुकान होने से स्थानीय लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कुछ लोग ठेके से शराब खरीदने के बाद आसपास ही बैठकर पीते हैं और अश्लील हरकतें करते हैं। नशे की हालत में घर लौटने के बाद परिवार के सदस्यों से विवाद करते हैं। महिलाओं का आरोप है कि शराब की लत के कारण कई परिवारों में आए दिन झगड़े होते हैं। कुछ मामलों में मारपीट की स्थिति भी बन जाती है। उनका कहना है कि शराब के कारण कई परिवार तबाही के कगार पर पहुंच गए हैं।

शराब की बढ़ती लत का असर युवाओं और बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है। उनके मुताबिक, इलाके में शराब के सेवन के कारण कई युवाओं की असमय मौत हो चुकी है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाल ही में एक युवक की मौत का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि युवक के परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं और उसकी मौत के बाद परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।

महिलाओं ने बताया कि रिहायशी मोहल्ले में शराब का ठेका संचालित होने से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और ठेके को हटाने या बंद कराने की मांग की है। सूचना पर पहुची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, किंतु वह शांत नहीं हुई। करीब चार पांच घंटे चले हंगामा के बाद गरौठा एसडीएम सुनील कुमार व गरौठा सीओ पियूष कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे और ठेका हटाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

आश्वासन मिलने के बाद महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगी। महिलाओं का कहना है कि ठेका हटाने के लिए क्षेत्रीय विधायक, पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को शिकायतें की जा चुकी हैं पर कार्रवाई नहीं हुई।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here