- मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री ने जताया शोक, आर्थिक सहायता के निर्देश
झांसी। उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी के थाना बरुआसागर क्षेत्र में लक्ष्मणपुरा/प्रतापपुरा के निकट मेसर्स कैलाश स्टोन इंडस्ट्रीज स्टोन क्रशर की निर्माणाधीन दीवार गिरने से वहां काम कर रहे छह श्रमिकों की मौत और 7 घायल हैं। मरने वालों में दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान सुखलाल, रईस, कमलेश, सुनीता, पूजा व उमा के रूप में हुई है। घायलों का मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस दर्दनाक हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ व प्रभारी मंत्री/आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री द्वारा गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल दुर्घटना स्थल पर व्यापक राह एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिये है।
बताया गया है कि बरुआसागर थाना क्षेत्र में प्रतापपुरा के निकट मेसर्स कैलाश स्टोन इंडस्ट्रीज नामक स्टोन क्रशन कैलाश नारायण गुप्ता का है। इनका कोई गिट्टी/पत्थर का उत्तर प्रदेश में लाइसेंस वर्तमान में नहीं है। जो क्रेशर यंत्र है वह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर स्थित है तथा मध्य प्रदेश से पत्थर लेकर क्रशिंग का कार्य करते हैं। उक्त क्रेशर का अनुज्ञापन 19 दिसम्बर 19 से 31 दिसम्बर 2020 तक प्रदूषण विभाग द्वारा संचालित किए जाने के बारे में विभाग द्वारा सहमति दी गई है। घटना के बारे में बताया गया है कि क्रशर से निकलने वाली धूल को रोकने के लिए उंची दीवार का निर्माण किया जा रहा था। निर्माण के दौरान आज दोपहर अचानक बरुआसागर थाना क्षेत्र के लक्ष्मण पुरा क्षेत्र में पडऩे वाले क्रेशर की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। इसके कारण वहां काम कर रहे लगभग एक दर्जन मजदूर व कार्य स्थल पर खेल रही अबोध दीवार के मलवे में दब गयी। यह देख कर आनन-फानन में मलबे से मजदूरों व अबोध को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कालेज में चिकित्सक ने एक अबोध सहित पांच मजदूरों मौत की पुष्टि कर दी। गम्भीर घायलों को भर्ती कर लिया गया। आसपास के लोगों ने बताया कि यहां स्टोन क्रशर की दीवार पर कुछ मजदूर प्लास्टर कर रहे थे उसी दौरान यह हादसा हुआ।
अधिकारियों का दल पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी सुभाष बघेल, जिलाधिकारी झांसी शिव सहाय अवस्थी, एसएसपी डॉ ओपी सिंह आदि मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ हरिश्चंद्र भी घायलों के समुचित इलाज की जानकारी लेने इमरजेंसी पहुँचे। उधर 6 मृतक मजदूरों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए है। पुलिस पूरे मामले की जांच की बात कर रही है।
मृतक व घायलों की सूची
इस घटना में मृतकों के नाम सुनीता (24 वर्ष) पत्नी भरत लाल निवासी बामनुवा थाना टहरौली व उसकी एक वर्षीय पुत्री पूजा, उमा (30 वर्ष) पत्नी परमानंद, रईस पुत्र शंकर , सुखलाल निवासी पृथ्वीपुर तथा भगवत बताए गए हैं। दुर्घटना में घायल राम कुमार पुत्र हरिराम निवासी बरुआसागर, उसकी पत्नी राम ढकेली, बृजेश पुत्र चंद्रभान निवासी बंका पहाड़ी टहरौली, लाल सिंह पुत्र परशुराम निवासी बामनुवा टहरौली, श्रीराम पुत्र शंकर निवासी सेंदरी टीकमगढ़ मप्र व उसकी पत्नी संगीता और जहीर नामक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं, इन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। शेष घायलों की हालत ठीक है। यह अस्पताल प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री ने जताया दुख
स्टोन क्रशर की दीवारी गिरने से हुई मजदूरों की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के इलाज की व्यवस्था करने और पीडि़तों को आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुये उनके शोक संतृप्त परिजनों की प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी/मद्यनिषेध मंत्री एवं जनपद झांसी के प्रभारी मंत्री राम नरेश अग्निहोत्री ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। जिलाधिकारी से वार्ता कर दुघर्टना में घायलों के उचित इलाज हेतु एवं भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने हेतु आवश्यक निर्देश दिये। प्रभारी मंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहयोग का आश्वासन भी किया है। प्रभारी मंत्री ने भी हादसे में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुये शोक संतप्त परिवारीजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
