• खरीफ नुकसान पर बीमा क्षतिपूर्ति राशि बढ़ कर हुई 152 करोड़
  • फ ायनल सर्वे पर अभी और बढ़ कर मिलेगी प्रधानमंत्री फसल बीमा की धनराशि
    झांसी। बुन्देलखण्ड के झांसी जिले में प्राकृतिक आपदा से बर्बाद हुई खरीफ की फसल पर पिछले दिनों जो नुकसान का आंकलन हुआ था उसमें और इजाफा हो गया है। कुछ दिन पूर्व गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने आला अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री से भेंट कर किसानों को हुए नुकसान की जानकारी दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर बीमा कंपनी को तलब कर झांसी जिले में फसल नुकसान पर 119 करोड़ 38 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। इसको कम मानते हुए विधायक जवाहर लाल राजपूत ने एक बार फिर शासन स्तर पर पहल की, जिसके बाद बीमा कंपनी ने इस धनराशि में 33 करोड़ रुपए का और इजाफा कर152 करोड़ कर दिया है। विधायक के मुताबिक यह धनराशि अभी प्रारंभिक है और इसमें सर्वे की फायनल रिपोर्ट के बाद और इजाफा होगा।
    गौरतलब है कि बुन्देलखण्ड के किसानों को प्राकृतिक आपदाएं हमेशा से ही नुकसान पहुंचाती आईं हैं। इस बार भी 2019-2020 खरीफ की फसल बोने के बाद किसानों को प्राकृतिक आपदा से भारी नुकसान पहुंचा था। किसानों को हुए नुकसान पर गरौठा-समथर विधानसभा से विधायक जवाहर लाल राजपूत ने सरकार को किसानों को प्राकृतिक आपदा से नुकसान की समस्या से अवगत कराया था। विधानसभा के भीतर सवाल लगाकर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खरीफ की फसलों उर्द, मूंग, तिल, ज्वार, मक्का, बाजरा, मूंगफली व धान आदि को नुकसान की जानकारी के साथ क्षतिपूर्ति शीघ्र जारी कराने की मांग की गई थी। विधायक राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को फसल के नुकसान की पूरी गारंटी देती है। इसी को लेकर पिछले दिनों जनवरी माह में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि विभाग के प्रमुख सचिव अमित कुमार से चर्चा कर स्थिति से अवगत कराया था। इस पर बैठक बुलाई गई और शासन के निर्देश पर नेशनल बीमा कंपनी ने झांसी जिले के किसानों को प्रथम दृष्ट्या हुए नुकसान पर 119 करोड़ 38 लाख रुपए की धनराशि जारी करने की स्वीकृति दे दी थी। इससे यहां 1 लाख 7 हजार 250 किसानों को खरीफ फसल की क्षतिपूर्ति दिए जाने का आंकलन किया गया था। यह धनराशि स्वीकृत होने के बाद झांसी जिले के किसानों में खुशी की लहर देखी गई, लेकिन विधायक जवाहर लाल राजपूत ने इसे कम मानते हुए एक बार फिर लखनऊ के अधिकारियों से खरीफ की क्षति पूर्ति धनराशि में सर्वे रिपोर्ट के आधार पर इजाफा करने की मांग की। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने बताया कि झांसी जिले के किसानों को खरीफ की फसल की क्षति पूर्ति धनराशि को बीमा कंपनी ने 119 करोड़ से बढ़ा कर 152 करोड़ कर दिया है। सबसे अधिक क्षति पूर्ति उर्द की फसल के नुकसान पर जारी की गई है। उर्द के लिए क्षतिपूर्ति राशि 93 करोड़ 54 लाख 89 हजार 568 स्वीकृत की गई। इसे उर्द के 69 हजार 371 किसानों को वितरित किया जाएगा। इसके अलावा मूंग के लिए 18 लाख 85 हजार 261 रुपए स्वीकृत हुए जो 164 किसानों, मंगफली के लिए 16 करोड़ 83 लाख 92 हजार 796 रुपए क्षतिपूर्ति राशि 23 हजार 222 किसानों, मक्का के लिए 5 लाख 82 हजार 573 रुपए 56 किसानों, तिल के लिए 41 करोड़ 36 लाख 75 हजार 471 रुपए 37 हजार 472 किसानों, ज्वार के लिए 4991 रुपए पांच किसानों, धान के लिए 854210 रुपए 491 किसानों व सोयाबीन के लिए 29133 रुपए 3 किसानों को जारी करने की स्वीकृति हो गई है। अब 1 लाख 30 784 किसानों को 152 करोड़ प्रधानमंत्री फसल बीमा के तहत क्षतिपूर्ति राशि वितरित होगी। विधायक राजपूत ने बताया कि यह अभी भी प्रारंभिक आंकलन के हिसाब से क्षतिपूर्ति जारी की गइ है इसे फायनल सर्वे के हिसाब से अभी और बढ़ाया जाएगा। विधायक गरौठा के प्रयासों से किसानों में खुशी की लहर है।