जनता के लिए संघर्ष जारी रहेगा – डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव

झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में राज्यसभा सांसद डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव और पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह सहित सपाइयों को धरना कर विरोध जताना भारी पड़ गया। नबावाद पुलिस ने राज्यसभा सांसद चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव, जिलाध्यक्ष महेश कश्यप समेत 20 से ज्यादा सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कर दिया। आरोप है कि सोमवार को पुलिस के मना करने के बाद भी जबरन धरना दे रहे सपाईयों ने कोरोना काल में शोशल डिस्टेंस समेत गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाईं और नारेबाजी कर वर्तमान सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाये। नबावाद पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन करने पर आपदा अधिनियम, महामारी अधिनियम आदि के तहत सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया है।

इस मुकदमे पर राज्यसभा सांसद डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कड़े संघर्षों से बनी है। समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जनता की भलाई और जनता को न्याय दिलाने के लिए हमेशा संघर्ष किया है और आगे भी करते रहेंगे। जनता को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से जनता के अधिकारों की मांग करना हमारा मौलिक अधिकार है। पुलिस के जिला मुख्यालय पर आम गरीब जनता पर हो रहे पुलिस भ्रष्टाचार को समाप्त करने की मांग करना यदि पुलिस प्रशासन की नजर में गलत है तो हमें इसकी परवाह नहीं है।
कोरोना की महामारी के विकट संकट में आर्थिक तंगी का सामना कर रहे गांव, गरीब, किसानों को न्याय पाने के लिए पूरे जनपद में मचे पुलिस भ्रष्टाचार का शिकार होना पड़ रहा है और यदि समाजवादी पार्टी के लोग जनता की आवाज उठाते हैं तो पुलिस प्रशासन दबाव बनाने के लिए समाजवादियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने का कार्य करता है। लेकिन समाजवादी पार्टी के लोग इन मुकदमों से घबराने वाले नहीं हैं।
पुलिस भ्रष्टाचार से जूझ रहे लोगों की समस्याओं को ज्ञापन के माध्यम से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जनता को न्याय दिलाने की लडाई जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ी तो समाजवादी लोग सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।