झांसी। जिले में रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम बमेर में एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

रक्सा के ग्राम बमेर निवासी अशोक अहिरवार (42) के पास तीन बीघा खेती थी। खेतीबाड़ी के अलावा वह मजदूरी भी करता था। शुक्रवार को वह कोटखेड़ा गांव में मजदूरी करने गया था। शाम तकरीबन सात बजे वह लौटकर आया और खाना खाकर कमरे में सोने चले गया। परिवार के अन्य लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे।

शनिवार की सुबह अशोक के कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इस पर बेटे ने रोशनदान से झांक कर देखा तो पिता की लाश पंखे के हुक से रस्सी के सहारे लटकी हुई थी। मृतक के भाई दौलती अहिरवार ने बताया कि अशोक की एक बेटी 20 साल की प्रियंका और एक बेटा 18 साल का राजा है। प्रियंका झांसी में रहकर पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही है, जबकि बेटा 12वीं कक्षा में पढ़ता है। बेटी बड़ी हो गई थी, इसलिए अशोक को उसकी शादी करनी थी। लेकिन शादी के लिए घर में रुपये नहीं थे। इसी को लेकर अशोक चिंतित रहता था। आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।