झांसी। जनपद के गुरसरांय थानान्तर्गत ग्राम दखनेश्वर में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी मौत हो गई।
झांसी जिले के गुरसरांय थानान्तर्गत ग्राम दखनेश्वर निवासी कृष्णकांत आज अपने खेत पर काम करने गया था। इसी दौरान वहां गांव के विपक्षी लोगों से उसका मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने मारपीट करते हुए कृष्णकांत पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। यह देख हमलावर वहां से भाग गये। इधर, जब इसकी जानकारी परिजनों को हुंई तो वह घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गये और इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी। हालत गम्भीर होने पर घायल को झांसी मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया, किंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्यवाही शुरु कर दी है। इस मामले में नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।