झांसी। नगर के प्राचीन मेहंदी बाग मंदिर में ऐतिहासिक धार्मिक उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान मेहंदी बाग सरकार भगवान राम राजा को 1008 से भी अधिक व्यंजनों का भोग लगाया गया। इस अनूठे धार्मिक कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए मंदिर को पूरी भव्यता दी गई। मुख्य द्वार से लेकर मंदिर परिसर और भगवान श्री राम के दरबार तक रंग-बिरंगे गुब्बारों तथा रंगीन विद्युत छटाओं की सजावट की गई। मंगलवार का दिवस होने के कारण सुंदरकांड का पाठ आयोजित किया गया, जिसमें अनेक श्रद्धालुओं ने पूरी धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भागीदारी की। सायंकालीन आरती के साथ भगवान राम माता जानकी को 1008 से भी अधिक व्यंजनों का भोग लगाया गया। मुख्य कार्यक्रम संयोजक पंडित पीयूष रावत ने बताया कि गणेश उत्सव को देखते हुए यह आयोजन इसलिए किया गया, क्योंकि कोरोना काल में लोग घरों में रहकर ही भगवान की भक्ति कर रहे हैं। ऐसे में ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का उद्देश्य लोगों तक गणेश उत्सव का उल्लास पहुंचाना तथा श्रद्धा भाव को बढ़ावा देना है। श्री राम जानकी मंदिर के प्रमुख महंत राम प्रिय दास जी महाराज के निर्देशन में हुए इस आयोजन में मंदिर के कार्यकारी प्रमुख महंत प्रेम नारायण जी महाराज, अमित चिरवारिया, अमित साहू, शालिनी गुरबक्सनी, अनिल रावत, पुनीत रावत, अमित गोस्वामी, महिमा माही, आलोक चतुर्वेदी, प्रदीप नगरिया, पप्पू दीक्षित, लखन पुरोहित, पूर्व महापौर श्रीमती किरण वर्मा, राजू बुक सेलर आदि मौजूद रहे। अंत में मुख्य संयोजक पंडित पीयूष रावत ने सभी का आभार प्रकट किया।