चैकिंग में 5 अंतरप्रांतीय तस्कर हत्थे चढ़े
झांसी । जिले के थाना प्रेमनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 2 कार में सवार 5 गाँजा तस्करों को उस समय दबोच लिया जब वह दोनों कार से 28 किग्रा गाँजा की खेप को खपाने मप्र के छतरपुर से दतिया ले जाया जा रहा था। बरामद गाँजे की बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक तुलसी राम पाण्डेय को कार से गाँजा तस्करी की सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर बिजौली चौकी प्रभारी ओमकार सिंह और हँसारी चौकी प्रभारी आशीष धामा के नेतृत्व में टीम ने कार्यवाही करते हुए चेकिंग के दौरान कार (यूपी 93 केसी 4218) व (एमपी 04 सीजी 2423) को रोका।
चैकिंग/तलाशी में कार से 28 किलो गाँजे की खेप छिपा कर रखी मिली। कार में सवार मप्र के जिला दतिया के थाना कोतवाली स्थित सिविल लाइन निवासी अखिलेश कुमार दुबे, ओरछा के विमलनगर निवासी देवेश विश्वकर्मा, झांसी के नैनागढ़ स्थित शंकरजी के मन्दिर के पास निवासी देवेन्द्र सिंह, गरियागाँव निवासी सुरेन्द्र सिंह राजपूत व नैनागढ़ निवासी मुरारी साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर पता चला कि तस्कर गांजा की खेप मप्र के छतरपुर से दतिया लेकर जा रहे थे। दतिया में वहां का निवासी आरोपी अखिलेश इसे बिकवाता था। यह लोग पहले भी गाँजा तस्करी कर चुके हैं। पूछताछ में झाँसी के कुछ लोगों के नाम भी सामने आये हैं, जो इस गोरखधन्धे में शामिल बताये जा रहे हैं। टीम में अखिलेश कुमार, विनोद चाहर, प्रदुम्य तिवारी मौजूद रहे।














