गुटखा कारोबारी के मुनीम से लूटे 7 लाख रुपए व कूपन बरामद
झांसी। बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक सप्ताह पूर्व कार सवार गुटखा कारोबारी के मुनीम को तमंचा अड़ा कर सात लाख की लूट का पुलिस ने खुलासा कर मुख्य साजिशकर्ता कारोबारी के ड्राइवर को गिरफ्तार कर दो लाख रुपए बरामद कर लिए व देर रात मुठभेड में दो लुटेरों को लंगड़ा कर बाकी रुपए बरामद कर लिए।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि उरई के सुशील नगर निवासी सर्वेश कुशवाहा ने थाना चिरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जनवरी को वह कार से झांसी आ रहा था और साथ में उसकी बेटी भी थी। गाड़ी को रक्सा के पाली निवासी विकास पाल चला रहा था। उसने रास्ते में कुछ व्यापारियों से गुटखा डिलिवरी का बकाया रुपया वसूल कर एक बैग में रख दिया था। रास्ते में चिरगांव थाना क्षेत्र में दो बदमाशों ने मोटरसाइकिल अड़ा कर रोक लिया और मारपीट कर रुपए छीन लिए। विरोध पर तमंचा सिर में मार कर भाग गए। इस घटनाक्रम में चालक झाड़ियों में छिप गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शक होने पर ड्राइवर से पूछताछ की थी, लेकिन वह घटना से इन्कार करता रहा। पुलिस ने उसको हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया था, जिसके बाद ड्राइवर ने मान लिया कि पुलिस को अब उस पर शक नहीं है। इसके बाद ड्राइवर ने अपने साथियों को बुलाया और लूट के रुपए का बँटवारा किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसको लूट के 2 लाख रुपए और कूपन के साथ गिरफ्तार कर लिया। बाकी रुपए लेकर दोनों साथी भाग निकले। चालक ने बताया कि उन लोगों ने मौज-मस्ती के लिए रुपए लूटे थे।
शार्ट एन्काउन्टर में दो लुटेरों को लगी गोली
चालक से पूछताछ में प्रकाश में आए उसके दो साथियों की गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया। देर रात चिरगांव पुलिस ने मोंठ के पास भांडेर मार्ग पर शार्ट एन्काउन्टर में दो लुटेरों को लंगड़ा कर दबोच लिया। पुलिस टीम ने उनसे लूट के पांच लाख रुपए, 58 कूपन, मोबाइल फोन, बाइक, तमंचा, कारतूस भी बरामद कर लिए। पकड़े गए लुटेरों के नाम दतिया के दुरसड़ा थाना क्षेत्र के गांव बीकर निवासी नरेश व ग्राम दरियापुरा निवासी जितेंद्र बताए गए।













