झांसी। गुरुवार को दुर्गा उत्सव महासमिति का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम के नगर आयुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष पुरुषोत्तम स्वामी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय जैन, महामंत्री अंचल अरजरिया, शोभायात्रा संयोजक पीयूष रावत, सह संयोजक संजीव तिवारी, छोटू कुशवाहा,  अमर रायकवार, विशाल, जीत शाक्य आदि उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल में महामंत्री अंचल अड़जरिया ने नगर आयुक्त को बताया कि खंडेराव गेट से लेकर कोतवाली, सिंधी तिराहा,  सुभाष गंज, गांधी रोड, बड़ा बाजार, लक्ष्मी गेट से लक्ष्मी ताल तक जगह-जगह गड्ढे हैं, स्ट्रीट लाइट खराब हैं। उन्होंने नगर आयुक्त से अधिकारियों द्वारा पूरे मार्ग का निरीक्षण कराकर कमियों को जल्द ठीक कराए जाने की मांग की। जिससे बाजारों में आने वाले जनमानस को एवं विसर्जन के समय कंधे पर ले जा रही प्रतिमाओं को निकालने में कोई परेशानी ना हो। सड़कों पर घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़कर कहीं दूर छुड़वाने की व्यवस्था के संबंध में भी बात की गयी। नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही त्यौहार के पहले सभी समस्याओं का निराकरण करवा दिया जाएगा।