आश्वासन पर राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने विरोध सभा का किया समापन

0
46

सभा स्थल पर वार्ता के दौरान मुख्य अभियंता वितरण ने दिया सकारात्मक आश्वासन

झांसी। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, उत्तर प्रदेश, क्षेत्रीय शाखा झांसी के आह्वान पर 21 जनवरी को मुख्य अभियंता (वितरण) झांसी कार्यालय प्रांगण, हाइडिल कॉलोनी, झांसी में एक ध्यानाकर्षण सभा का आयोजन किया गया। यह सभा मुख्य अभियंता वितरण झांसी द्वारा विद्युत बिल राहत योजना के नाम पर अवर अभियंताओं पर की गई अन्यायपूर्ण, नियमविरुद्ध एवं मनमानी दंडात्मक कार्यवाहियों के विरोध में, संगठन द्वारा पूर्व में 16 जनवरी 26 को दिए गए नोटिस के क्रम में आयोजित की गई।

सभा की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष इं० सुनील कुमार ने कहा कि उच्च प्रबंधन द्वारा लागू की गई विद्युत बिल राहत योजना को धरातल पर प्रभावी बनाने हेतु मुख्य अभियंता वितरण झांसी एवं उनके अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा न तो कोई ठोस कार्ययोजना बनाई गई और न ही फील्ड कर्मचारियों को आवश्यक संसाधन, प्रशासनिक सहयोग अथवा पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया। इसके बावजूद योजना के अपेक्षित परिणाम न आने का दोष सीधे फील्ड में कार्यरत अवर अभियंताओं पर मढ़ते हुए उन्हें एक साथ अत्यधिक संख्या में प्रतिकूल प्रविष्टियां देना पूर्णतः न्यायविरुद्ध है और यह उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियमावली का खुला उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार किसी भी दंडात्मक कार्यवाही से पूर्व संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण लेना अनिवार्य है, किंतु इस प्रकरण में नियमों की पूरी तरह अनदेखी की गई। यह कार्यवाही फील्ड कर्मचारियों का मनोबल तोड़ने एवं उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास है, जिसे संगठन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा।

सभा को संबोधित करते हुए इं० रामकुमार, जनपद अध्यक्ष झांसी ने कहा कि फील्ड स्तर पर अभियंता सीमित संसाधनों, अत्यधिक दबाव एवं जोखिम के बावजूद निरंतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे में बिना उनकी समस्याएं सुने, बिना आवश्यक सहयोग दिए केवल आदेश जारी करना और अपेक्षित परिणाम न आने पर कर्मचारियों को दोषी ठहराना प्रबंधन के तानाशाही रवैये को दर्शाता है।

इं० जगदीश वर्मा, जनपद अध्यक्ष जालौन ने कहा कि विद्युत बिल राहत योजना की सफलता के लिए टीम भावना, प्रोत्साहन, मैनपावर, सामग्री एवं प्रशासनिक समन्वय आवश्यक था, जो प्रबंधन स्तर से पूरी तरह अनुपस्थित रहा। विभाग द्वारा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए बिना केवल दंडात्मक कार्यवाही कर कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है।

इं० धर्मेंद्र प्रजापति, जनपद अध्यक्ष ललितपुर ने कहा कि यदि समय रहते प्रतिकूल प्रविष्टियां निरस्त नहीं की गईं तो संगठन आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी क्षेत्रीय प्रबंधन की होगी।

इं० नवीन कंजौलिया, जनपद सचिव जालौन ने कहा कि संगठन सदैव राजस्व वृद्धि एवं उपभोक्ता हित में कार्य करता रहा है, किंतु कर्मचारियों के सम्मान एवं नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।

सभा को संबोधित करते हुए इं० विनय साहू, क्षेत्रीय संगठन सचिव झांसी ने कहा कि संगठन द्वारा पूर्व में भी प्रबंधन को लिखित रूप से अवगत कराया गया था, किंतु कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, जिससे विवश होकर यह ध्यानाकर्षण सभा आयोजित करनी पड़ी।
सभा के अंत में संगठन ने एक स्वर में मांग की कि तीनों जनपद झांसी, जालौन एवं ललितपुर के अवर अभियंताओं को दी गई समस्त प्रतिकूल प्रविष्टियों को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए तथा भविष्य में किसी भी दंडात्मक कार्यवाही से पूर्व नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि न्यायोचित निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी क्षेत्रीय प्रबंधन की होगी।

उक्त ध्यानाकर्षण सभा के दौरान मुख्य अभियंता वितरण झांसी स्वयं सभा स्थल पर उपस्थित हुए तथा संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संवाद करते हुए विरोध सभा समाप्त करने का अनुरोध किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपरोक्त प्रकरण में शीघ्र सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्यवाहियों को समाप्त कराने हेतु प्रयास किया जाएगा तथा विद्युत बिल राहत योजना को सफल बनाने के लिए प्रबंधन कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने हेतु पूर्ण प्रयास करेगा। मुख्य अभियंता के आश्वासन के उपरांत संगठन द्वारा विरोध सभा समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

सभा का संचालन इं० रोहित कुमार, जनपद सचिव झांसी द्वारा किया गया। अंत में क्षेत्रीय अध्यक्ष इं० सुनील कुमार ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगी अभियंताओं का आभार व्यक्त करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की। इस अवसर पर रमेश चंद, बृजेन्द्र पाल, चंद्रशेखर, विक्की वर्मा, राजीव श्रीवास, विक्रम, शैलेन्द्र, विजय, नरेंद्र कुमार, धीरज कुशवाहा, मो० सोहेल सिद्दीकी, अभिलाष रजक, दीपेंद्र शर्मा, संतोष कुमार, सत्य प्रकाश गुप्ता, मुकुल वर्मा, अजय प्रताप, रजनीश, राम करण, राम भवन, आयुष, मनीष कुमार, बलराम, गौरव कुमार, पूनम वर्मा, सतेंद्र कुमार यादव, रवि कुमार, शादगुरुशरण, लक्ष्मी नारायण, रामनरेश, दीपक सिंह, संतोष यादव, राजकुमार, निधी वर्मा, मनोज कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक कुमार, नवीन सचान, रमाकांत वर्मा, प्रशांत कुमार, जितेंद्र देव वर्मा, सुमित सैनोरिया, हरप्रसाद, अंकित साहनी, अमन पांडे, शिवम साहू, अमन खान, निश्चय वर्मा, सिद्धिक अहमद, मीनू कुमार, अब्दुल्ला, बालकेश सहित बड़ी संख्या में संगठन के अन्य साथी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here