आरपीएफ की सतर्कता से ट्रेक पार कर रहे यात्री की जान बची

0
45

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल अंतर्गत उरई स्टेशन पर “ऑपरेशन जीवन रक्षा” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से एक यात्री के बहुमूल्य जीवन की रक्षा की गई। दरअसल 21 जनवरी को प्रातः लगभग 09:20 बजे सहायक उप निरीक्षक राघवेंद्र सिंह प्लेटफार्म संख्या 03 पर गाड़ी संख्या 22583 मुंबई एलटीटी–अंत्योदय एक्सप्रेस को सुरक्षित रूप से पास कराने हेतु तैनात थे। इसी दौरान सीसीटीवी ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक भीमसेन त्रिपाठी ने देखा कि एक यात्री प्लेटफार्म संख्या 01 एवं 02 के बीच रेलवे ट्रैक पार करते हुए प्लेटफार्म संख्या 03 पर आ रही ट्रेन को पकड़ने का प्रयास कर रहा है।

प्रधान आरक्षक द्वारा तत्काल यात्री को रुकने के लिए जोर से आवाज दी गई तथा आसपास मौजूद यात्रियों ने भी उसे चेतावनी दी कि प्लेटफार्म संख्या 02 की डाउन मेन लाइन पर एक थ्रू ट्रेन के लिए ग्रीन सिग्नल दिया गया है। बावजूद इसके यात्री नहीं रुका। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सहायक उप निरीक्षक राघवेंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। तत्परता दिखाते हुए प्रधान आरक्षक भीमसेन त्रिपाठी ने रेलवे ट्रैक पार कर रहे यात्री को उठाकर सुरक्षित रूप से प्लेटफार्म पर चढ़ा दिया।

इसके तुरंत बाद ही संबंधित थ्रू ट्रेन तेज गति से लाइन पर गुजर गई। इस साहसिक एवं समयोचित कार्रवाई से यात्री भगवान दास (58 वर्ष) निवासी ग्राम इकलाशपुरा, थाना कोतवाली उरई, जिला जालौन (उत्तर प्रदेश) के बहुमूल्य जीवन की रक्षा हो सकी। यात्री अपनी पत्नी के साथ उरई से फरीदाबाद तक जनरल टिकट पर यात्रा कर रहा था। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा उक्त यात्री के खतरनाक कृत्य के संबंध में रेलवे अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है।

आरपीएफ की इस सराहनीय कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि रेलवे ट्रैक पार करना अत्यंत खतरनाक है तथा यात्रियों को सदैव निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here