झाँसी। अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावना मृत संघ के तत्वाधान में गोपाष्टमी के शुभ अवसर पर इस्कॉन मंदिर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रृंगार आरती, दर्शन, गुरु पूजा, पंढरपुर धाम से परम पूज्य श्री लोकनाथ स्वामी महाराज जी के प्रवचन का सीधा प्रसारण किया गया। गो पूजा एवं प्रसाद वितरण प्रातः से शुरू होकर अपराहन तक चला। गोपाष्टमी पर इस्कॉन मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। गौशाला की भी साज-सज्जा की गई। गौशाला में मौजूद गोवंश का विशेष रुप से श्रंगार किया गया। इस दौरान राधा रानी के विशेष चरण दर्शन एवं राधा रानी के गोवेश के दर्शन कराए गए। बताते चलें कि आज के दिन ही भगवान श्री कृष्ण ने बड़ी गायों को चराना अर्थात गोचरण लीला प्रारंभ की थी। इसी क्रम में गायों का विधिवत पूजन मंदिर के मुख्य पुजारी अभय चरण विंद दास ने कराया। कार्यक्रम के दौरान गोपाष्टमी पर्व के धार्मिक महत्व तथा उसके इतिहास के बारे में जानकारी देते हुए मनुष्य के जीवन में गौ माता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। भगवान श्री कृष्ण की गो लीला के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए भक्तों को गौ माता के महत्व के बारे में अवगत कराया गया। मंदिर परिसर में सुमधुर कीर्तन नित्य मुकुंद दास ने किया। अंत में सभी का स्वागत करते हुए चरण सेवक पंडित पियूष रावत ने आभार प्रदर्शित किया।