मंडल द्वारा पूर्व सैनिकों के पुनर्नियोजन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
झांसी। रेल मंडल द्वारा पूर्व सैनिकों के पुनर्नियोजन एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में शुरू की गई सराहनीय पहल के क्रम में 29 जनवरी को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में सेवा पुनर्नियोजन योजना का शुभारंभ किया गया।
इस योजना के अंतर्गत भारतीय रेल में पूर्व सैनिकों को काँटेवाला एवं गेटमैन जैसे संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त कर उन्हें रेल सेवा की जिम्मेदारियाँ सौंपी जा रही हैं। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इस अवसर पर बताया गया कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुभव रेलवे की संरक्षा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
सेवा पुनर्नियोजन योजना के तहत आज 60 पूर्व सैनिकों के प्रथम बैच के लिए आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल 24 दिनों की अवधि का होगा, जिसमें रेल परिचालन, संरक्षा मानक, नियमावली तथा व्यवहारिक प्रशिक्षण शामिल रहेगा, जिससे प्रशिक्षण उपरांत पूर्व सैनिक अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकें।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नंदिश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे. संजय कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, मंडल परिचालन प्रबंधक उर्वशी शेखावत सहित झाँसी मंडल के अन्य अधिकारीगण, निरीक्षक, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
झांसी मंडल की यह पहल न केवल पूर्व सैनिकों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी कदम है, बल्कि भारतीय रेल की संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।














