शिवपुरी हाईवे पर अंतरराज्यीय शराब तस्करी का खुलासा, 503 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त
झांसी। झांसी हाईवे पर शिवानी ढाबा के निकट जीएसटी व आबकारी विभाग की टीमों ने शनिवार देर रात ट्रक में कंटेनर से अंतरराज्यीय शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया। टीम ने कंटेनर को काट कर लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की 503 पेटी अंग्रेजी शराब की खेप जब्त कर ली, कार्रवाई के दौरान चालक ट्रक को छोड़कर रफूचक्कर हो गया।
दरअसल, ग्वालियर-झांसी हाईवे पर थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में शिवानी ढाबा तिराहे के निकट शनिवार रात लगभग 10.30 बजे जीएसटी व आबकारी की टीम चैकिंग कर रही थी। इस दौरान एक ट्रक नंबर यूपी 13 बीटी/9800 ग्वालियर मप्र की तरफ से आता दिखाई दिया। इस ट्रक को रोककर जब चालक से ट्रक में लदे माल से संबंधित कागजात मांग कर तलाशी ली गई तो उसमें थर्माकोल भरा मिला। गहराई से छानबीन करने पर थर्माकोल के नीचे लोहे का विशेष कंटेनर दिखाई दिया। यह कंटेनर ट्रक में वेल्डिंग किया गया था।
आबकारी निरीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कंटेनर को काटा गया तो उसके अंदर 503 पेटी इंपीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब निकली। यह शराब मध्य प्रदेश में निर्मित व वहीं के लिए बिक्री के लिए है। जांच में पता चला कि यह शराब की खेप ग्वालियर से कलकत्ता तस्करी की जा रही थी। इस कार्रवाई के दौरान अंधेरे में चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
आबकारी निरीक्षक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि जब्त शराब की कीमत लगभग 30 लाख रुपये है। इस मामले में थाना सीपरी बाजार में ट्रक मालिक व चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।













