– ट्रेन से दो किशोरियों व दो नन वेष धारियों को उतारा, पूछताछ जारी

झांसी। दो हिंदू लड़कियों को नन बनाने के लिए धर्म झांसी। नयी दिल्ली से चलकर झांसी आई उत्कल एक्सप्रेस के बी2 कोच से दो किशोरियों को दो नन वेष धारी महिलाओं के साथ उतार लिया गया है। संदेह है कि दोनों किशोरियों को धर्म परिवर्तन के लिए राउरकेला ले जाया जा रहा था। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता ने इस मामले में तहरीर जीआरपी थाने में दी है। चारों से सीओ जीआरपी, इंस्पेक्टर जीआरपी, आरपीएफ के इंस्पेक्टर आदि के द्वारा पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, विद्यार्थी परिषद झांसी के कार्यकर्त्ता अजय शंकर तिवारी शुक्रवार को उत्कल एक्सप्रेस के बी1 कोच में सीट नंबर 62 पर झांसी के लिए यात्रा कर रहा था। यात्रा के दौरान जब वह ट्रेन के कोच बी 2 में सीट नंबर 57,58 से निकल रहा था तो उसने देखा कि दो ईसाई नन वेषधारी महिलाएं अपने साथ दो किशोरियों को दिल्ली से राउरकेला ले जा रहीं थी। चारों की गतिविधियों देख कर अजय को संदेह हुआ कि दोनों किशोरियों को धर्म परिवर्तन के लिए ले जाया जा रहा है। इस पर जब अजय ने कथित दोनों नन व किशोरियों से बातचीत कर मामला समझने की कोशिश की तो कथित नन भड़क गई और फर्जी फंसाने का आरोप लगाया। इस पर अजय ने 182 पर व हिन्दू संगठन राष्ट्र भक्त के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया को काल कर इसकी जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की।

इसके बाद गाड़ी के झांसी स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 2 पर रुकने पर उक्त कोच में आरपीएफ व जीआरपी के अलावा अंचल के साथ हिन्दू संगठन के कार्यकर्त्ता पहुंच गये। वहां कोच में चारों से पूछताछ की गई और संदेह होने पर चारों को जांच पड़ताल हेतु उतार लिया गया। इसके बाद उन्हें जीआरपी थाने में ले जाकर पूछताछ की गई व दोनों किशोरियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र आदि की जांच कर उनके परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली गई। जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला जबरन धर्मपरिवर्तन का नहीं लग रहा है। जांच पड़ताल कर ली गई है और उन्हें किसी ट्रेन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा। सूत्रों की मानें तो दोनों किशोरियां हिन्दू धर्म की हैं, इसकी पुष्टि उनके शैक्षणिक प्रमाण पत्र हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक चारों जीआरपी थाने में मौजूद थीं।