ननि कार्यकारिणी समिति के 6 सदस्य का निर्वाचन 

– भाजपा के तीन, बसपा के दो, सपा का एक उम्मीदवार जीता

झांसी। रविवार को नगर निगम में 12 सदस्यों की कार्यकारिणी पूर्ण होने के लिए नये 6 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव सदन हाल में रिटर्निंग ऑफीसर द्वारा कराया गया। प्रात: 10 बजे से चुनावी प्रक्रिया शुरु हुई व अपरान्ह 3 बजे तक मतदान पूर्ण होने के बाद 3.30 बजे तक मतगणना सम्पन्न हुई। कार्यकारिणी समिति के सदस्य विजयी घोषित होने पर सदर विधायक रवि शर्मा व महापौर रामतीर्थ सिंघल ने बधाई दी।

कार्यकारिणी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के 3, बहुजन समाज पार्टी 2, सपा 1 व आप पार्टी का 1 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे गए। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के 3 प्रत्याशी विजयी घोषित हुये, जिसमें जामवती को 13 मत, भरत कुमार को 9 मत व सुरेन्द्र कुमार साहू उर्फ राजू साहू को 11 मत मिले। बहुजन समाजपार्टी के प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की, जिसमें महेश गौतम को 10 मत व उमेश जोशी को 9 मत मिले। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी जुगलकिशोर को 8 मत प्राप्त हुये। वहीं आप प्रत्याशी आशीष राय को कोई मत नहीं मिला। आशीष ऐसा प्रत्याशी रहा जिसे स्वयं का मत नहीं मिला। इस पर सदन में चर्चा का बाजार गर्म रहा।
नगर निगम के कार्यकारिणी चुनाव को लेकर सुबह से ही भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी व कांग्रेस पार्टी के पार्षदों में गुटबाजी हाबी रही। गौरतलब है कि ननि में तीन वर्षों से निर्विरोध कार्यकारिणी चुनाव होते चले आ रहे हैं। इस बार भी समीकरण निर्विरोध के बन रहे थे, लेकिन आप पार्टी के पार्षद आशीष रायकवार ने अपना नामांकन कर समीकरण बिगाड़ दिए। जिससे दलों में खलबली मच गई क्यों कि 12 सदस्यों की कार्यकारिणी पूर्ण करने के लिए 6 सदस्यों का चुनाव था। आप पार्टी के प्रत्याशी ने नामांकन कर चुनावी प्रक्रिया को क्रमबद्ध करा दिया और इस बार चुनाव वोटिंग द्वारा हुआ। इस चुनाव में आश्चर्यजनक रूप से कांग्रेस के पार्षद अपनी भूमिका नहीं दिखा पाये और उन्होंने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। इस बात को लेकर काफी चर्चायें बनी रहीं। फिलहाल भारतीय जनता पार्टी ने अपना बहुमत दिखाते हुये 03 सदस्यों को कार्यकारिणी तक पहुंचा दिया। इस चुनावी प्रक्रिया में बहुजन समाज पार्टी ने भी बाजी मार दी और अपने 2 प्रत्याशियों को सदस्य बनाकर कार्यकारिणी में पहुंचा दिया। बहुजन समाज पार्टी के सेक्टर प्रभारी रविकांत मौर्य अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए सुबह से ही डटे रहे और उनका मकसद फिलहाल दलीय पार्षदों की समझ में नहीं आ पा रहा था, जबकि विपक्ष मजबूती के साथ रणनीति बनाये हुये था और इस रणनीति में बसपा के रविकांत मौर्य ने अपनी अहम भूमिका निभाते हुये 02 प्रत्याशियों को कार्यकारिणी में पहुंचाना बसपा के लिए जीत की एक बड़ी पहल है।

चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद सभी विजयी सदस्यों को रिटर्निंग अधिकारी गुलाब हुसैन के द्वारा प्रमाण पत्र दिये गए। इस मौके पर नगर निगम के सदन प्रभारी हरगोविंद यादव, सदन लिपिक अशोक बाबू, लेखाधिकारी उल्लास वर्मा, लेखाकार सुनील कुमार अवस्थी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

24 को उप सभापति का चुनाव
नगर निगम की कार्यकारिणी का गठन होने के बाद 24 मार्च को उपसभापति का चुनाव होगा। उपसभापति के चुनाव को लेकर भी भारतीय जनता पार्टी के खेमे में घमासान मचा हुआ है। सूत्रों का दावा है कि इस बार भी उपसभापति के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरा सकता है। चुरतलब है कि विगत 3 वर्षों से उपसभापति पद पर भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करती चली आ रही है। इस बार उपसभापति पद का चुनाव निर्विरोध करने के लिए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी निर्णायक स्थिति बनाने की कवायद में जुट गए हैं।