बिलीवर्स एकेडमी और डीसीए फिरोजाबाद विजयी
उरई। पुलिस लाइन ग्राउंड उरई में आयोजित चतुर्थ स्वर्गीय मुन्नी देवी सिरौठिया राज्य महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2025–26 के अंतर्गत एक ही दिन खेले गए लीग मुकाबलों में बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी (महिला) और डीसीए फिरोजाबाद (महिला) ने शानदार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
दिन के पहले मुकाबले में बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी (महिला) ने डीसीए जालौन (महिला) को 9 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर बिलीवर्स ने पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए जालौन की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर मात्र 66 रन ही बना सकी। राधिका ने 16 रन, देवांशी यादव ने 11 रन और आकांक्षा एम ने 10 रन बनाए। गेंदबाजी में मानसी पंवार ने 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि तनु कश्यप को 2 विकेट मिले।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी ने 10.2 ओवर में 1 विकेट खोकर 67 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। निती चौधरी ने नाबाद 25 रन, अंशी ने नाबाद 21 रन और राधिका पचहारा ने 14 रन का योगदान दिया। डीसीए जालौन की ओर से एकमात्र विकेट कप्तान डिम्पी बघेल ने लिया। जिसमें मानसी पंवार को प्लेयर ऑफ द मैच लाइन के आर आई पवन कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में डीसीए फिरोजाबाद (महिला) ने डीएसए उन्नाव (महिला) को 89 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसीए फिरोजाबाद ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 190 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यशिका ने शानदार शतक लगाते हुए नाबाद 102 रन बनाए, जबकि मोना जादौन ने 62 रन और प्रिया सैनी ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली।
जवाब में डीएसए उन्नाव की टीम दबाव में आ गई और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 101 रन ही बना सकी। प्रिया सैनी ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। डीसीए फिरोजाबाद की ओर से नंदिनी यादव, खुशबू और वंदना यादव ने 2-2 विकेट लेकर प्रभावशाली गेंदबाजी की।जिसकी प्लेयर ऑफ द मैच यशिका को डीसीए जालौन के संस्थापक व यूपीसीए के निदेशक श्यामबाबू द्वारा सम्मानित किया गया, इन दोनों जीतों के साथ बिलीवर्स क्रिकेट एकेडमी और डीसीए फिरोजाबाद ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि डीसीए जालौन और डीएसए उन्नाव की टीमों को आगे के मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की जरूरत होगी।
मैच के दौरान डीसीए उन्नाव के सचिव पीके मिश्रा, संयुक्त सचिव विनय कुमार सिंह, सचिव विकास कुमार शर्मा, सौरभ पाठक, राजकुमार, ओमवीर, रिक्की सिंह, सागर यादव आदि मौजूद रहे।














