झांसी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा बजट 2026-27 में रेल मंत्रालय को आवंटित बजट के संबंध में विभिन्न राज्यों में चल रही परियोजनाओं के विषय में मीडिया से विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने तुलनात्मक अध्ययन के माध्यम से बताया कि सभी राज्यों को पूर्व में आवंटित होने वाले बजट से कई गुना अधिक धनराशि आवंटित की गई है। इस वित्तीय वर्ष के बजट में उत्तर प्रदेश को 20,012 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं जिसमें उमरे के झांसी मंडल को 2598.93 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। इससे विभिन्न योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, तेजी से होगा विकास
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशनों के साथ, गिट्टी रहित ट्रैक, त्वरित जल व्यवस्था प्रणाली की स्थापना, गुड्स शेडों में अवसंरचना के उन्नयन एवं आधुनिकीकरण, स्टेशनों के उन्नयन हेतु उपभोक्ता सुविधाओं के अंतर्गत प्रमुख उन्नयन, रेलवे प्लेटफार्मों पर एक्स्क्लेटर, सीवेज ट्रीटमेंट संयंत्र, स्टेशनों पर लिफ्टों के प्रावधान तथा दिव्यांगजन एवं अन्य यात्रियों की सुविधाओ के लिए बजट में प्रावधान है।
बजट 2026-27 में झांसी मंडल को प्राप्त बजट के बारे मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि वर्ष 2026–27 का बजट झांसी मंडल के लिए अत्यंत उत्साहजनक है। इससे मंडल में चल रहे अवसंरचना विकास कार्यों, लाइन दोहरीकरण, स्टेशन आधुनिकीकरण, ROB/RUB निर्माण कार्यों में और अधिक गति आएगी तथा यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
प्रेस वार्ता में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन श्री नंदीश शुक्ल, सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।














