झांसी। जनपद में समथर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवरयाना मोहल्ले में महिला व उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मृतका का पुत्र काम पर गया था, जबकि बहू कमरे में थी।
बताया गया है कि जिला जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव किरवाहा निवासी अजय गौतम पंजाब नेशनल बैंक शाखा लोहागढ़ में कार्यरत हैं। वह समथर थाना क्षेत्र के तिवरयाना मोहल्ले में पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता है। 24 मार्च को गांव से अजय की मां शीला (45) और बहन शिखा (24) समथर आकर रुक गई थीं। हमेशा की तरह आज शुक्रवार को सुबह अजय बैंक ड्यूटी पर चला गया। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 12.30 बजे घर का कामकाज करने के बाद अजय की पत्नी कमरे में आराम करने चली गई। मां- बेटी मकान में पीछे बने आंगन में चली गईं। आंगन में पड़े टिन शेड में शिखा ने दुपट्टा और मां ने साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी तब हुई जब दोपहर करीब ढाई बजे अजय की पत्नी कमरे से बाहर आई तो उसने मां-बेटी को फांसी पर लटका देखा। यह देेेकर वह घबराकर उसने शोरगुल किया और इसकी जानकारी उसने अपने पति को दी। सूचना पर पुलिस व अजय भी लोहागढ़ से घर पहुंचे। मां-बेटी ने किन परिस्थितियों में एक साथ मौत को गले लगाया पहेली बना है। अजय व उसकी पत्नी इस मामले में पुलिस को कुछ नहीं बता सके। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।