– निर्दलियों के बूते चुनावी वेतरणी पार करने की जोड़ तोड़
झांसी। झांसी में 24 सदस्यीय जिला पंचायत में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत हासिल नहीं है। हालत यह हैं कि भाजपा व सपा की झोली में पर्याप्त संख्या बल नहीं है, किंतु झांसी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर प्रबल दावेदारी ठोकते हुए दोनों पार्टियों ने अपने-अपने पत्ते खोल “गौतम” पर दांव लगाया है। भाजपा ने पवन गौतम तो सपा ने आशा कमल गौतम को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
दरअसल, जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा के पास 24 सीटों में नौ सदस्य हैं। उसे अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए चार सदस्यों की जरूरत है। समाजवादी पार्टी के चार सदस्य ही चुनाव जीत पाए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए इन दोनों ही पार्टियों में जोड़ तोड़ चल रही थी। हालांकि, नंबर गेम में काफी पिछड़ने से सपा के प्रबल दावेदार माने जा रहे एक प्रत्याशी ने पहले ही चुनाव लड़ने से ही हाथ खड़े कर दिये थे। इसके बाद ही सपा ने वार्ड 14 बंगराधवा से निर्वाचित सदस्य आशा कमल गौतम पर दांव लगाया।
भारतीय जनता पार्टी ने जिला स्तर पर प्रत्याशी को लेकर नाम पर एक राय न बन पाने पर प्रदेश स्तर पर अनुसूचित जाति के चार सदस्यों के नाम भेज दिए गए थे। प्रदेश स्तर से नाम तय कर जिला अध्यक्ष जमुना कुशवाहा और महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा के पास भेज दिया गया। भाजपा ने भरोसा सीट से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए पवन गौतम को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया।
जिला पंचायत में सीटों के समीकरण की बात करें तो भाजपा के 9, सपा के 4, बीएसपी के 3, कांग्रेस का 1 व निर्दलीय 7 सदस्य हैं। इसके इतर भाजपा अपने घोषित-अघोषित 10 सदस्यों के चुनाव जीतने का दावा करती है जबकि सपा अपने घोषित-अघोषित 8 सदस्यों के जीत का दावा करती है।
निर्दलियों पर सभी लगा रहे दांव
भाजपा व सपा पर्याप्त संख्या जुटाने के लिए निर्दलियों पर दांव लगा रही है। इससे स्पष्ट है कि जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीयों की निर्णायक भूमिका रहेगी। जिस प्रत्याशी की झोली में 13 सदस्यों का समर्थन होगा, वही जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होगा। हालांकि दोनों पार्टियों के बड़े नेता दावा कर रहे हैं कि उन्होंने जादुई आंकड़ा जुटा लिया है। जीत का सेहरा उनके प्रत्याशी को बंधेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर 26 जून को दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। जबकि 29 जून को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है। वहीं, तीन जुलाई को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक वोटिंग होगी। इसके बाद वोटों की गिनती कर जिला पंचायत अध्यक्ष का एलान कर दिया जाएगा।