– जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा की जीत का किया दावा 
झांसी। पूर्व राज्यसभा सांसद वरिष्ठ सपा नेता डॉ चंद्रपाल सिंह यादव ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में पिछड़ने से भाजपा नेता बौखला कर सत्ता के दुरुपयोग पर उतारू हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की अधिकृत उम्मीदवार घोषित होते ही उनके पति कमल गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग दबाव में आने वाले नहीं हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपा की जीत दावा करते हुए इसके पीछे सपा के 8 सदस्यों के साथ 6 अन्य सदस्यों का समर्थन बताया।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व सांसद ने बताया कि सत्ता में बैठे लोग प्रशासन का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। वह उनकी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कराकर डराने का काम कर रहे हैं। लेकिन समाजवादी पार्टी डरने वाली नहीं हैं। सपा ने आशा कमल गौतम को प्रत्याशी बनाया तो बौखला कर उन्हें दबाव में लेने के लिए वंश भारत गैस एजेंसी कटेरा पर छापा डलवाया। कोई कमी न मिलने के बाद भी धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। उन्होंने दावा किया कि इससे कोई फर्क पडने वाला नहीं, जीत सपा की ही होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा का मुकाबला सीधे समाजवादी पार्टी से है। क्योंकि अन्य पार्टी भाजपा का मुकबला करने को भी तैयार नहीं है। फिर चाहे बसपा हो या फिर कांग्रेस। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव नहीं बल्कि 2022 विधानसभा चुनाव में भी जीत हासिल करेंगी।
वार्ता के दौरान पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह, पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर सिंह, एमएलसी रमा निरंजन, पूर्व एमएलसी तिलक अहिरवार, जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, राकेश पाल, शकील खान, आरिफ खान के साथ ही पार्टी के आठ जिलापंचायत सदस्य मौजूद रहे।