“खेलो इंडिया” में श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर को जिम्नास्टिक व मल्लखंभ प्रशिक्षण केंद्र के रूप में स्वीकृति प्रदान करने की मांग 

0
17

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से बुंदेलखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार की अपेक्षा 

नई दिल्ली। झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं बुंदेलखंड सेवा मंडल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित प्रतिनिधि मंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम व खेल मंत्री मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट कर बुंदेलखंड क्षेत्र में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

इस दौरान सांसद श्री शर्मा ने बुंदेलखंड की ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित संस्था ‘श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर, झांसी’ को “खेलो इंडिया” योजना के अंतर्गत जिम्नास्टिक एवं मल्लखंभ प्रशिक्षण केंद्र के रूप में स्वीकृति प्रदान किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने अवगत कराया कि यह संस्था वर्षों से पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है और अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि यदि इस ऐतिहासिक संस्था को “खेलो इंडिया” योजना के अंतर्गत जिम्नास्टिक एवं मल्लखंभ प्रशिक्षण केंद्र के रूप में स्वीकृति प्रदान की जाती है, तो यह केवल एक संस्थान को मान्यता नहीं होगी, बल्कि बुंदेलखंड के हजारों ग्रामीण एवं वंचित युवाओं के सपनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का माध्यम बनेगी। यह निर्णय पारंपरिक भारतीय खेलों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी एक प्रेरक उदाहरण सिद्ध होगा।

साथ ही, सांसद ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा अत्याधुनिक आउटडोर स्टेडियम की स्थापना के लिए भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध होगी, जिससे वे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने सांसद श्री शर्मा सहित प्रतिनिधि मंडल के प्रस्तावों को सकारात्मक रूप से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सांसद के साथ बुंदेलखंड सेवा मंडल झांसी के संजय पटवारी, महामंत्री नरोत्तम दास अग्रवाल, लक्ष्मी व्यायाम मंदिर के अध्यक्ष अशोक गुप्ता भी उपस्थित रहे।

सांसद अनुराग शर्मा जी ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बुंदेलखंड क्षेत्र खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां प्राप्त करेगा और यहां की युवा प्रतिभाएं देश का नाम गौरवान्वित करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here