। जनपद में थाना प्रेम नगर क्षेत्र अंतर्गत रेल गंज पुलिया नंबर नौ में लगभग 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या कर किराएदार दम्पत्ति ने लाखों कि माल लूटा और लाश को कमरे में बंद कर रफूचक्कर हो गये। लाश एक दिन पुरानी बताई जा रही है।

बताया गया है कि थाना प्रेम नगर क्षेत्र अंतर्गत रेल गंज पुलिया नंबर नौ में लगभग 70 वर्षीय दुर्गा देवी आलीशान मकान में अकेले रहती थी। दुर्गा का पति खूबी राम रेलवे से सेवानिवृत्त हुआ था जबकि उसकी लड़की प्रेम नगर में ब्याही है। खूबी राम के निधन के बाद दुर्गा देवी अकेली ही मकान में रहती थी और पति की पेंशन से घर का खर्च चलाती थी। लगभग सप्ताह पूर्व एक दम्पत्ति दुर्गा देवी के मकान में किराए पर रहने लगे। शनिवार को मोहल्ले के लोगों ने किराएदार दम्पत्ति और दुर्गा देवी को नहीं देखा। देर सायं तक जब दुर्गा देवी के मकान की लाइट नहीं जली तब पड़ोसी को किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने दुर्गा देवी की पुत्री को इस बात की जानकारी दी। इस पर वह अपनी मां के घर पहुंची। मकान के दरवाजे में ताले लगे हुए थे। जब ताले तोड़ कर अंदर प्रवेश किया तो दुर्गा देवी का शव रक्तरंजित अवस्था में औंधा पड़ा हुआ दिखाई दिया। दुर्गा देवी के मुंह के नीचे तकिया लगा हुआ था, जबकि सिर से खून बह रहा था। इससे संभावना है कि हत्यारे ने सोते समय दुर्गा देवी का पहले तकिया से मुंह दबाया और सिर पर पीछे की ओर किसी भारी चीज का वार किया, जिससे उसकी मौत हुई। घर का सामान बिखरा हुआ था। कमरों में अलमारी, बक्शे, सूटकेस आदि खुले और उनका सामान अस्त-व्यस्त था। आभूषण, नगदी के अलावा अन्य कीमती सामान गायब था। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड वृद्धा के घर से निकलकर मानिकपुर रेलवे ट्रैक से दस कदम पहले पहुंचकर रुक गया। फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। फिलहाल पुलिस किसी अंजाम तक नहीं पहुंच सकी। देर रात तक पुलिस घटना की पड़ताल में जुटी रही। पुलिस ने सप्ताह पहले आए किराएदार दम्पत्ति की जानकारी जुटाई। इसके तहत कुछ सीसीटीवी फुटेज में किराएदार दम्पत्ति दिखाई दिए। पुलिस द्वारा फुटेज व लोगों से मिले हुलिए के आधार पर किराएदार दम्पत्ति की तलाश की जा रही है। इस घटनाक्रम में कितना माल लूटा स्पष्ट नहीं हो पाया है।