झांसी। वह जा तो रहा था टीवी के प्रमुख सिंगिंग रियलिटी शो में आडिशन देने पर उसका ख्वाब अधूरा रह गया, बदकिस्मती से दो वर्ष पुराने एक युवती से दुष्कर्म के मामले वह दबोच लिया गया। अब वह सलाखों के पीछे है।

झांसी में सीपरी बाजार के दीनदयाल नगर निवासी हिमांशु हिम्स गाने का शौकीन है। वह कुछ वर्षों से मुम्बई में रहकर स्ट्रगल कर रहा था। पुलिस के अनुसार दो साल पहले आगरा की युवती से उसकी फेसबुक के जरिये दोस्ती हो गयी थी। युवती ने झाँसी आकर उससे मुलाकात भी की और दोनों के बीच प्रेम सम्बन्ध बन गए। युवती से किसी बात को लेकर रिश्ते खराब हुए तो उसने हिमांशु पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। हिमांशु को इसका पता नहीं चला। वह अपने काम में व्यस्त रहा और पुलिस उसे तलाशती रही। इसी बीच जब वह झांसी में था तब सीपरी बाजार पुलिस ने उक्त मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया। हिमांशु ने बताया कि उसकी इच्छा सिंगिंग के एक रियलिटी शो में जाने की थी। इसमें ऑडिशन के लिए अपॉइंटमेंट भी मिल गया था। इसके लिए उसे रात को ही मुम्बई जाना था लेकिन पुलिस ने दबोच लिया। उसने कथित दुष्कर्म के मामले से खुद को निर्दोष बताया। फिलहाल सिंगर हिम्स सलाखों में कैद हो गया है।