झांसी। झांसी में मोहर्रम का अवकाश 20 अगस्त (शुक्रवार) 2021 को होगा। जनपद न्यायाधीश ज्योत्सना शर्मा द्वारा जारी एक आदेश में बताया गया कि उच्च न्यायालय द्वारा जारी अवकाश सूची में मोहर्रम का अवकाश 19 अगस्त 2021 (गुरुवार) को घोषित किया गया था किंतु साथ ही यह भी निर्देशित किया गया था कि स्थानीय चंद्र दर्शन के आधार पर अवकाश की तिथि में परिवर्तन किया जा सकता है। इस संदर्भ में शहर काज़ी ने 20 अगस्त 2021 (शुक्रवार) को मोहर्रम मनाए जाने की घोषणा की है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है की 19 अगस्त 2021 (गुरुवार) को सभी स्थानीय दफ्तर और जनपद मुख्यालय खुले रहेंगे।

गौरतलब है कि इस्लामिक कैलेंडर के पहले महीने का नाम मोहर्रम है। मोहर्रम महीने की 10 तारीख को रोज़-ए-आशूरा मनाया जाता है। कर्बला की जंग बादशाह यज़ीद की सेना और हज़रत इमाम हुसैन के बीच लड़ी गई थी। इमाम हुसैन ने इस्लाम की रक्षा के लिए अपने परिवार और दोस्तों के साथ सर्वोच्च कुर्बानी दी थी। उनकी शहादत मुहर्रम के 10वें दिन हुई थी। इस दिन को आशूरा कहा जाता है। उन शहीदों की याद में हर साल ताजिए बनाए जाते हैं और जुलूस निकाले जाते हैं। ये ताजिए उन शहीदों के प्रतीक होते हैं। मातम मनाने के बाद उन ताजिए को कर्बला में दफनाया जाता है।

मुहर्रम के दिन जब मातम मनाया जाता है तो शिया समुदाय के लोग कहते हैं कि ‘या हुसैन, हम न हुए।’ इसका एक विशेष महत्व है। मातम मनाने वाले लोग कहते हैं कि हज़रत इमाम हुसैन हम बहुत दुखी हैं क्योंकि आपके सा​थ कर्बला की जंग में नहीं रहे। हम भी इस्लाम की रक्षा के लिए आपके साथ शहादत देते।