झांसी। पुलिस टीम ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी की हॉकी लूटने वाले बदमाश समेत तीन चैन स्नैचरों को दबोच लिया। तीनों के पास से लूटी गई हॉकी और सोने की चैन व असलहा बरामद हुआ है।

दरअसल, कई दिनों से हो रहीं चैन स्नैचिंग की घटनायें पुलिस के लिए चुनौती बन चुकी थी कि एसएसपी को पता चला कि अंर्तराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शिवम आनंद निवासी आशिक चौराहे की हॉकी बदमाशों ने छीन ली है। यह वही हॉकी है जिससे खिलाड़ी शिवम ने वर्ष 2016 में एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ सेमी फाइनल में 3 गोल किए थे। इसके अलावा वर्ष 2018 में अर्जेटिना में यूथ ऑलम्पिक में मलेशिया के खिलाफ 4 गोल किए थे। इस मामले की थाने में कोई भी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। चैन स्नैचिंग और हॉकी लूटने की घटना को गम्भीरता से लेते हुए एसएसपी शिवहरि मीना के निर्देशन में स्वॉट और कोतवाली पुलिस टीम ने संयुक्त रुप से मिलकर बदमाशों की तलाश शुरु कर दी। इसी दौरान पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जब गहराई से पूछताछ की तो कई मामलों का खुलासा हो गया। पुलिस टीम ने पकड़े गए बदमाशों के पास से अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी की छीनी हॉकी और अन्य स्थानों से लूटी गई सोने की चैन व वारदात में प्रयुक्त तमंचे के अलावा बाइक भी बरामद कर ली। पकडे गये बदमाशों ने पूछताछ में अपना नाम जय सोनी व अभिषेक सोनी निवासी अन्नपूर्णा कालौनी बड़ागांव गेट बाहर और भूपेन्द्र वंशकार निवासी बंगला घाट बताया। क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में भूपेन्द्र वंशकार ने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी की हॉकी छीनी थी। पुलिस द्वारा लूटी गई चैन के मालिकों की तलाश की जा रही है।