प्रोफेसर पत्नी-बच्चे को स्कूल भेजा, पंखे से लटक कर जान दी
झांसी। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के आवासीय परिसर में पत्नी के प्रोफेसर आवास में डेंटिस्ट डॉक्टर पति ने सोमवार सुबह सुसाइड कर लिया। डाक्टर ने सुबह पत्नी-बच्चों के साथ नाश्ता किया और दोनों बच्चों को स्कूल भेज दिया व पत्नी 9 बजे ड्यूटी पर चली गई तो पंखे से फंदा कस कर जान दे दी।
घटना की जानकारी तब हुई जब मेड काम करने पहुंची।मेड के काफी देर तक गेट खटखटाने पर गेट नहीं खुला। ये देखकर पड़ोसी बाहर आ गए। डॉक्टर की प्रोफेसर पत्नी को फोन पर सूचना दी गई। महिला प्रोफेसर के पहुंचने पर गेट की जाली काट कर अंदर की कुंडी खोली गई। पत्नी ने अंदर जाकर देखा तो पति का शव पंखे से लटक रहा था। यह देखते ही वह बेहोश हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर के शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
दरअसल, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के खाती बाबा मंदिर के पास निवासी डेंटिस्ट डॉ नीरज कुरील अपनी बीयू में इकोनोमिक्स विभाग में प्रोफेसर पत्नी राधिका चौधरी, दोनों बच्चों नैतिक (14) और यशिका (10) के साथ यूनिवर्सिटी परिसर में ई-ब्लॉक के ई-4 फ्लैट में रहते थे। बेटा नैतिक कुरील सीकेसी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ता है। जबकि 10 साल की बेटी यशिका सनफ्रांसिस स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ती है।
डॉ. नीरज का झांसी मेडिकल कॉलेज के सामने शालू डेंटल क्लीनिक के नाम से क्लिनिक है। रविवार रात को उनका परिवार एक बर्थ-डे पार्टी में गया था। सभी रात में ही लौटकर आ गए थे। सुबह बच्चे स्कूल चले गए। इसके बाद राधिका ने पति के साथ नाश्ता किया और फिर यूनिवर्सिटी चली गई। घर में डॉ. नीरज ही अकेले थे।प्रोफेसर राधिका के जाने के बाद मेड काम करने के लिए फ्लैट पर आई थी। डोर बेल बजाने पर किसी ने दरवाजा नहीं खोला। तब उसने पड़ोस की फैमिली को बुलाया। इसके बाद पड़ोसियों ने राधिका को फोन कर सूचना दी।
प्रोफेसर राधिका क्लास छोड़कर घर पहुंचीं। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, तो गेट पर लगी लोहे की जाली को तोड़ा गया। कुंडी खोलकर पत्नी अंदर गई तो पति कमरे में लगे पंखे से लटके दिखे। यह देख कर राधिका बेहाल हो गई। पिता के सुसाइड करने पर दोनों बच्चों को स्कूल से बुला लिया गया। दोनों घर आए तो हंसते हुए कार से उतरे। लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही बच्चे फूट-फूटकर रोने लगे। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यूनिवर्सिटी चौकी इंचार्ज निखिल सिंह ने बताया कि डॉ नीरज कुरील ने फंदा लगाकर सुसाइड किया है। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके लीवर में दिक्कत थी। सुसाइड किन कारणों की वजह से किया है, इसकी जांच की जा रही है।












