प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस रिफिल सिलेण्डर की सब्सिडी

0
43

झांसी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल का वितरण लोक भवन लखनऊ से किया गया जिसमें प्रदेश भर के उज्ज्वला योजना के तहत कुल 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को रू0 1500 करोड़ की धनराशि के निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल का वितरण किया गया, जिसका सजीव प्रसारण पं0 दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के अधिकारियों/कर्मचारियों व भारी संख्या में उपस्थित महिला लाभार्थियों की उपस्थिति में देखा व सुना गया।

इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सौजन्य से सभी लाभार्थियों को आस्था का ध्वज लहराया, सुख समृद्वि का नया युग आया नामक कलैण्डर 2026 एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित उत्तर प्रदेश संदेश पत्रिका का निःशुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार ने  जनपद के पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी लाभ दिलाये जाने हेतु आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि मुफ्त गैस कनैक्शन में निःशुल्क गैस सिलेण्डर, चूल्हा, रेग्यूलेटर व सेफ्टी पाइप उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को धुएं से आजादी, स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव, पर्यावरण सुधार में सार्थक कदम उठाया गया है। इस योजना से छोटे बच्चे के स्वास्थ्य, शिक्षा पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत जनपद के  10 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल की धनराशि प्रतीकात्मक चेक के माध्यम से वितरित की गई।

 जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका शुभारम्भ 01 मई 2016 को हुआ था। इस योजना का उद्देश्य जरूरतमंद गरीब परिवारों को निःशुल्क एल०पी०जी० गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इस योजना से जहां गरीब परिवारों को भोजन बनाना सुविधापूर्ण हुआ, वहीं प्रदूषण रहित वातारण में भोजन बनाना भी संभव हुआ, इसके अतिरिक्त इस योजना से महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिला है।
 जनपद स्तर पर दीनदयाल सभागार, झांसी में आयोजित कार्यक्रम में अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम चरण अक्टूबर से दिसम्बर 2025 में दीपावली के शुभ अवसर पर निःशुल्क 01 गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी तथा द्वितीय चरण जनवरी से मार्च 2026 में होली के शुभ अवसर पर निःशुल्क 01 गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया जा रहा है। जनपद में वर्तमान में 218063 उज्ज्वला योजना के लाभार्थी है, जिसमें एच०पी०सी०एल० के 45986, बी०पी०सी०एल० के 127604 तथा आई०ओ०सी०एल० के 44473 लाभार्थी है। वर्तमान में प्रत्येक सिलेण्डर रिफिल का उपभोक्ता मूल्य 887 रूपये प्रति सिलेण्डर है, जिसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत केन्द्र सरकार द्वारा अनुमन्य सब्सिडी रू0 333.31 प्रति सिलेण्डर दी जा रही है तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शेष रू0 553.69 प्रति सिलेण्डर सब्सिडी की प्रतिपूर्ति की जा रही है।
इस अवसर पर उपायुक्त खाद्य विनय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमित कुमार त्रिवेदी, नोडल अधिकारी आॅयल कम्पनी सूरज प्रसाद, पूर्ति निरीक्षक रविन्द्र कुमार, पूर्वा तिवारी, सुमित सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी एवं प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के 400 लाभार्थीगण महिलायें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन समाजसेविका/शिक्षाविद् डाॅ0 नीति शास्त्री द्वारा करते हुये सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गयी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here