– उत्तर प्रदेश में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीत कर फिर बहुमत से सरकार बनाएगी : त्रिपाठी
झांसी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में जनहित की योजनाओं व सुदृढ़ कानून व्यवस्था के चलते पार्टी ने एक के बाद एक चुनाव जीते। उन्होंने दावा किया कि 22 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार पुनः रिपीट होगी। रिकॉर्ड ब्रेक कर 350 से अधिक सीटें जीतकर फिर उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश प्रवक्ता ने विपक्षी दलों पर प्रहार करने में कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि बुआ-बबुआ के गठबंधन का हश्र सबके सामने है। अब सपा व बसपा दूसरे नंबर पर विपक्ष की स्पर्धा में हैं। कांग्रेस पार्टी का दूर-दूर तक पता नहीं है। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव होम सिकनेस का शिकार हो चुके हैं, वह जनता के बीच जाने से डरते हैं। आज कोई दल उनसे गठबंधन करने को आगे नहीं आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सपा समेत विपक्षी दल 50 सीटों पर सिमट जाएंगे।
 प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि योगी सरकार ने विगत साढ़े चार सालों में भ्रष्टाचार व गुंडाराज पर जबरदस्त अंकुश लगाया है। माफियाओं की 19 सौ करोड़ की सम्पत्ति पर बुल्डोजर चलाया गया है। योगी सरकार पर घोटाले व भ्रष्टाचार का दाग़ नहीं है। उन्होंने बताया कि वह योगी सरकार की उपलब्धियों व कामों को लेकर जनता के बीच हैं, सरकार का रिपोर्ट कार्ड इस बात की गवाही दे रहा है कि प्रदेश में कितना काम हुआ है। 2017 में अखिलेश यादव में साहस नहीं था, कि अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करें। उन्होंने कांग्रेस से हाथ मिलाया, फिर भी मात खायी। 2019 में उन्होंने धुर विरोधी बसपा से गठबंधन किया, लेकिन फिर निराशा मिली। अब कोई दल उनसे गठबंधन को तैयार नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कांग्रेस समाप्त प्रायः हो चुकी है और बसपा का भी बुरा हाल है। उन्होंने कहा भाजपा डेढ़ करोड़ नये सदस्य बनाने जा रही है। चार करोड़ सदस्यों के बल पर हम उप्र चुनाव में उतरेंगे और प्रचंड बहुमत हासिल करेंगे, विपक्षी दल बौने रह जाएंगे। गोरखपुर व झांसी में पुलिस की गुण्डई के सवाल पर घिरते नजर आये प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि खाकी में हो या खादी में, अपराध किया है तो उस पर कार्रवाई होगी, रसूख के आधार पर छूट नहीं मिलेगी।वहीं पेट्रोल, गैस व खाद्य तेलों की लगातार बढ़ती कीमतों से जुड़े सवालों पर उन्होंने पिछली सरकार पर ठीकरा फोड़ा।
 इस मौके पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी सहजेन्द्र सिंह बघेल, सौरभ मिश्रा, प्रियांशु डे, देवेंद्र दुबे आदि मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने झांसी के भाजपा के मीडिया प्रभारियों को संबोधित कर पार्टी की नीतियों की जानकारी देते हुए मीडिया मैनेजमेंट से संबंधित ज्ञानबर्धन कर दिशा-निर्देश दिए।