घर के बाहर से कुंडी लगा कर भागे बदमाश, खाली बाक्स खेत में मिला

झांसी। जनपद में थाना बड़ागांव क्षेत्र अंतर्गत गांव चन्द्रपुरा नई बस्ती में रविवार/सोमवार रात चोरी की नियत से घर में घुसे बदमाश वृद्ध पर हमला कर घर में रखी नगदी व जेबरात लूट कर भाग गये। घायल वृद्ध को इलाज के लिये मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया है।

बताया गया है कि बडागांव के चन्द्रपुरा नई बस्ती में रविवार/सोमवार रात चोरी की नियत से देव प्रसाद कुशवाहा के घर में बदमाश घुस गये। रात करीब ढाई बजे बदमाश लोहे का बक्सा तोड़ कर जेबरात व नगदी आदि चोरी कर रहे थे, इसी बीच देव प्रसाद कुशवाहा के 75 वर्षीय पिता श्यामलाल की आंख खुल गई। इससे पहले कि वह शोर मचाते बदमाशों ने श्यामलाल पर हमला कर घायल कर दिया। घर के अंदर से आ रही आवाज पर देव प्रसाद व उसकी पत्नी की नींद टूटी और उन्होंने कमरे में  देखा तो श्याम लाल खून से लथपथ हालत में अचेतावस्था में पड़ा था। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा था व एक लोहे का संदूक खुला व दूसरा गायब था। लूटपाट व लहूलुहान श्याम लाल को देख देव प्रसाद व उसकी पत्नी संगीता ने शोर मचा दिया।

शोर सुनकर मोहल्लेवासी एकत्रित हो गये। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल श्याम लाल को इलाज के लिये मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। पुलिस को छानबीन में घर से कुछ दूरी पर खेतों में देव प्रसाद का एक लोहे का संदूक पड़ा मिला, जिसके कपड़े आदि फैले थे, लेकिन नगदी व जेबरात आदि गायब थे। देव प्रसाद का कहना है कि बदमाश 10 हजार रुपये व सोने-चांदी के जेबरात लेकर भाग गये। पुलिस ने देव प्रसाद की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के बाहर से कुंडी लगा कर भागे बदमाश

संगीता ने बताया कि करीब ढाई बजे घर के अंदर आ रही आवाज सुनकर वह जागी तो देखा कि कमरे में पलंग पर ससुर लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़े थे। वहीं लोह का संदूक गायब था। जब उसने बाहर निकलने की कोशिश की तो पाया कि बदमाश घर के बाहर की कुंडी लगा गये। शोर सुनकर मोहल्लेवासी आये और कुंडी खोलकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी बड़ागांव परमेन्दर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।