– पुलिस को तहरीर का इंतजार, कोई कार्रवाई नहीं

झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में होटल एम्ब्रूसिया के पास भौकाल कैफे में कल रात पार्टी के दौरान लड़कों के बीच मारपीट से हंगामा हो गया। इस घटना में लड़कियां समेत कई घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

सीपरी बाजार थानान्तर्गत होटल एम्ब्रूसिया के पास भौकाल कैफे हैं। बुधवार को कैफे में कुछ लड़के- लड़कियां बर्थ-डे पार्टी मनाने गए थे। जहां पहले से ही कुछ लोग मौजूद थे। कुछ लड़कों का कैफे संचालक से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि संचालक और लड़कों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसमें लड़कियां समेत अन्य कई घायल हो गए। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली और दो लड़कों को पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि घटना हुई है, मामूली चोटें लगी है और तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया है कि इस कैफे में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होता है। इसके कारण आए दिन मारपीट व विवाद की घटनाएं होती रहती हैं। इसके कारण आसपास के लोग परेशान हैं। इसकी कयी बार शिकायत की गई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे कैफे में कभी भी बड़ी गंभीर वारदात घटित हो सकती है।