– अपर नगर आयुक्त के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त, कूड़ा का ढेर नहीं लग पाएगा

झांसी। झाँसी के घनी आबादी वाले क्षेत्र बड़ागांव गेट अंदर दुबे की पुलिया के पास वर्षों से बने कूड़े घर को हटाने की मांग को लेकर कयी दिनों से चल रहा बेमियादी आंदोलन सोमवार को राष्ट्र भक्त संगठन व हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष अंचल अड़जरिया की मौजूदगी से और गर्मा गया। लोगों ने सड़क जैम कर प्रदर्शन किया। इस पर अपर नगर आयुक्त की मौजूदगी में समस्या का समाधान निकल आने से सभी ने राहत की सांस ली।

गौरतलब है कि दुबे की पुलिया पर वर्षों से कूड़े का ढेर जमा होता आ रहा है। इससे आवागमन की समस्या व आए दिन वाहनों के एक्सीडेंट हो रहे हैं। कूड़ा घर के आसपास मवेशी एकत्रित होते हैं और कई बार दो पहिया वाहन चालकों को घायल भी कर देते हैं। गंदगी का यह आलम है कि कूड़ा हटाने के लिए एक समिति बनानी पड़ी जिसको नाम दिया गया कूढ़ा घर हटाओ समिति। कचरा हटाने की मांग को लेकर समिति के सदस्य आज 11वें दिन गोलू अग्रवाल एवं राम नारायण गुप्ता के नेतृत्व में धरना चल रहा था। समस्या सुलझती ना देख क्षेत्रवासियों के बुलावे पर आज हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष अंचल अड़जरिया मौके पर पहुँचे और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ हुआ। क्षेत्रवासियों ने एकत्रित होकर सड़क जाम कर दी एवं मेयर मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।

जानकारी मिलने पर नगर निगम के अधिकारी सक्रिय हुए और अपर नगर आयुक्त शादाब असलम मौके पर प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुँचे। अपर नगर आयुक्त को जानकारी देते हुए अंचल अड़जरिया ने कहा नवरात्रि का समय चल रहा है भक्तगण जल चढ़ाने मंदिरों पर जाते हैं लेकिन कूड़े कचरे के ढेर के कारण अपवित्र हो जाते हैं इसके अतिरिक्त और भी कई समस्याएं सामने आ रही हैं प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का निदान करें। दोनों पक्षों के बीच लगभग आधा घंटा वार्ता हुई। वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया कि दीपावली तक नगर निगम की गाड़ियां कुछ कुछ समय के अंतराल में कचरा उठाकर वहाँ से अन्यत्र डम्प करेंगी तथा दीपावली के बाद उक्त स्थान पर रिफ्यूज कॉम्पैक्टर लगाकर कचरा उसमें ही संग्रहित किया जाएगा जिससे आवागमन भी बाधित नहीं होगा एवं क्षेत्रवासियों की समस्या का पूर्ण रूप से निदान हो जाएगा। वार्तालाप के बाद अपर नगर आयुक्त द्वारा प्रदर्शनकारियों को जूस पिलाकर अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कराया गया।

इस दौरान राष्ट्रभक्त संगठन एव हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष श्रीराम नरवरिया, आदित्य तिवारी, अजीत चौधरी, गोलू, अभिषेक, चिंटू, यश, ललित, जीतू, साहिल, वंश,चिराग, आशु, प्रतीक वर्मा आदि सहित दर्जनों मोहल्ले वासी उपस्थित रहे। समस्या का समाधान निकालने पर क्षेत्रवासियों ने हिन्दू जागरण मंच एवं राष्ट्रभक्त संगठन का आभार व्यक्त किया।